Achira News Logo
Achira News

अनुच्छेद 370 की मांगों के बीच श्रीनगर में विरोध प्रदर्शन में पी. डी. पी. नेता इल्तिजा मुफ्ती घायल हो गईं।

ABP News
अनुच्छेद 370 की मांगों के बीच श्रीनगर में विरोध प्रदर्शन में पी. डी. पी. नेता इल्तिजा मुफ्ती घायल हो गईं।
Full News
Share:

श्रीनगर में अनुच्छेद 370 को बहाल करने की मांग को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) की नेता इल्तिजा मुफ्ती घायल हो गईं. पार्टी का दावा है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने जरूरत से ज्यादा बल का इस्तेमाल किया, जिसकी वजह से इल्तिजा को चोटें आईं. फिलहाल उनका श्रीनगर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है. PDP के प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन कर रही थी, लेकिन पुलिस के साथ हुई झड़प में कई कार्यकर्ताओं को चोटें आईं. उनका आरोप है कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ अनावश्यक बल प्रयोग किया. पार्टी का कहना है कि इसी कार्रवाई में इल्तिजा मुफ्ती भी घायल हुईं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा. इस मामले में श्रीनगर पुलिस ने कोठीबाग पुलिस स्टेशन में FIR नंबर 63/2026 दर्ज की है. पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की. पुलिस के मुताबिक, हाथापाई के दौरान इल्तिजा मुफ्ती ने एक पुलिस अधिकारी पर हमला किया और उनकी बांह पर काट लिया, जिससे अधिकारी घायल हो गए. इसी मामले में उन्हें जांच में शामिल होने के लिए भी बुलाया गया है. PDP ने पुलिस के इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है. पार्टी का कहना है कि इल्तिजा मुफ्ती ने किसी पुलिस अधिकारी पर हमला नहीं किया. पार्टी के अनुसार, पुलिस अपनी कार्रवाई को सही ठहराने के लिए इस तरह के आरोप लगा रही है. PDP ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी की है. यह पूरा विवाद अनुच्छेद 370 हटाए जाने के विरोध में आयोजित प्रदर्शन के दौरान सामने आया. बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारी तय सीमा से आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया और इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई. अब इस घटना को लेकर जम्मू-कश्मीर की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है, जहां पुलिस और PDP दोनों एक-दूसरे के दावों को गलत बता रहे हैं.

Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: ABP News

Want to join the conversation?

Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.