Achira News Logo
Achira News

आपके कमरे को ऊंचा महसूस कराने के लिए स्मार्ट इंटीरियर ट्रिक्स

Aaj Tak
आपके कमरे को ऊंचा महसूस कराने के लिए स्मार्ट इंटीरियर ट्रिक्स
Full News
Share:

घर छोटा हो या बड़ा, अगर उसकी छत थोड़ी नीची है तो पूरा कमरा जरूरत से ज्यादा छोटा और दबा-दबा सा नजर आ सकता है. खासकर बड़े-बड़े शहरों में बनी बड़ी बिल्डिंग्स के छोटे फ्लैट्स में ये समस्या ज्यादा महसूस होती है. कई लोगों को लगता है कि इसका एक ही इलाज है घर में तोड़फोड़ कराकर छत की ऊंचाई बढ़वाई जाए. लेकिन क्या आप यकीन करेंगे अगर हम कहें कि आपको ऐसा करने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है? अगर आपको इस बात पर विश्वास करना मुश्किल हो रहा है, तो ये खबर आपके लिए है. अगर आप भी नीची छत की वजह से अपने कमरे को छोटा महसूस करते हैं तो कुछ स्मार्ट इंटीरियर ट्रिक्स आपके काम आ सकती हैं. आप अपने इंटीरियर में इस्तेमाल होने वाली सभी चीजों को थोड़े अलग तरीके से यूज करके आंखों को ऐसा एहसास कराया जा सकता है कि कमरे की छत पहले से ज्यादा ऊंची है. खास बात ये है कि इसके लिए न तो दीवार तोड़ने की जरूरत है और न ही भारी-भरकम इंटीरियर पर पैसा खर्च करने की. आइए जानते हैं ऐसे ही 11 आसान हैक्स. अगर आपने कमरे की छत पर डार्क कलर करा रखा है, तो आपको वो ज्यादा नीची लग सकती है. ऐसे में नीची छत पर हमेशा हल्के रंगों का इस्तेमाल करना चाहिए. नीची छत के लिए सफेद, ऑफ-वाइट, क्रीम जैसे हल्के रंग ही चुनने चाहिए. ये रोशनी को ज्यादा फैलाते हैं और कमरे के ऊपरी हिस्से को खुला दिखाते हैं. दीवार और छत का रंग हल्का होने पर कमरा और बड़ा महसूस होता है. दीवार का पेंट जहां खत्म होता है, वहीं छत का रंग शुरू करने के बजाय उसे कुछ इंच ऊपर तक ले जाएं. इससे दीवार और छत की बॉर्डर कम नजर आएगी और कमरा ज्यादा ऊंचा महसूस होगा. पर्दों की रॉड खिड़की के ठीक ऊपर लगाने के बजाय छत के करीब लगाएं और पर्दों को फर्श तक आने दें. इससे ऊपर से नीचे तक एक लंबी वर्टिकल लाइन बनेगी और नजर ऊपर जाएगी. ये छत को ऊंचा महसूस कराने में मदद कर सकता है. दीवार पर ऊपर से नीचे जाती लाइनें कमरे को ऊंचा दिखाने में मदद करती हैं. इसके लिए पतली लकड़ी की पट्टियां, वर्टिकल पैनल, स्ट्राइप्स या पतले डिजाइन वाला वॉलपेपर इस्तेमाल कर सकते हैं. चौड़े और भारी कैबिनेट की जगह लंबा और पतला बुकशेल्फ या कैबिनेट रखने से भी आपको मदद मिल सकती है. इससे फर्श पर कम जगह घिरेगी और नजर ऊपर की ओर जाएगी. शेल्फ को बहुत ज्यादा सामान से न भरें. सिर्फ नीचे की ओर रोशनी करने वाली लाइट के बजाय ऐसी वॉल लाइट या फ्लोर लैंप लगाएं जिसकी रोशनी ऊपर की तरफ जाए. इससे छत का ऊपरी हिस्सा ज्यादा खुला और रोशन नजर आएगा. चौड़े और भारी लैंप की जगह लंबा, पतला फ्लोर लैंप चुनें. इसे सोफे या कुर्सी के पास रखा जा सकता है. इसकी ऊंची शेप कमरे में एक वर्टिकल एलिमेंट जोड़ती है. नीची छत पर बड़ा झूमर या लंबा पेंडेंट कमरा और छोटा दिखा सकता है. ऐसे में फ्लश-माउंटेड लाइट अच्छा ऑप्शन हो सकता है. पेंडेंट लगाना हो तो छोटा और हल्का डिजाइन चुनें. चौड़ी तस्वीर की जगह लंबी और खड़ी पेंटिंग या फोटो फ्रेम लगाएं. कई छोटे फ्रेम लगाने हों तो उन्हें एक के ऊपर एक वर्टिकल तरीके से रखें. इससे नजर ऊपर की तरफ जाएगी. लो-सोफा, लो-बेड या लो टीवी यूनिट कमरे को ज्यादा खुला दिखा सकते हैं. इनके ऊपर दीवार का खाली हिस्सा ज्यादा दिखाई देता है. पतले पैरों वाला फर्नीचर भी कमरे को हल्का लुक देता है. गोल या हॉरिजॉन्टल मिरर की जगह लंबा वर्टिकल शीशा लगाएं. इसे ऐसी जगह रखें जहां उसमें खिड़की या खुली जगह दिखाई दे. इससे रोशनी भी बढ़ेगी और कमरा ज्यादा खुला और ऊंचा महसूस होगा.

Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: Aaj Tak

Want to join the conversation?

Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.