Achira News Logo
Achira News

इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने धोखाधड़ी के आरोपी पूर्व आई. पी. एस. अधिकारी की पत्नी को अग्रिम जमानत दी

Live Hindustan
इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने धोखाधड़ी के आरोपी पूर्व आई. पी. एस. अधिकारी की पत्नी को अग्रिम जमानत दी
Full News
Share:

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में करीब ढाई दशक पुराने भूमि आवंटन मामले को लेकर चल रही कानूनी खींचतान में पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर के परिवार को बड़ी राहत मिली है। इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने अमिताभ ठाकुर की पत्नी नूतन ठाकुर की अग्रिम जमानत याचिका को स्वीकार कर लिया है। नूतन ठाकुर पति के साथ ही धोखाधड़ी के मामले में सह अभियुक्त हैं। अमिताभ ठाकुर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। पिछले महीने ही अमिताभ ठाकुर देवरिया जेल से रिहा हुए थे। मामले की जड़ें वर्ष 1999 में छिपी हैं, जब अमिताभ ठाकुर देवरिया जिले में पुलिस अधीक्षक (SP) के पद पर तैनात थे। आरोप है कि उस दौरान देवरिया के औद्योगिक क्षेत्र में नूतन ठाकुर के नाम पर एक प्लॉट का आवंटन कराया गया था। इस आवंटन प्रक्रिया में पहचान छिपाने और धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया। जांच में सामने आया कि दस्तावेजों में 'नूतन ठाकुर' की जगह 'नूतन देवी' और पति के नाम में 'अमिताभ' की जगह 'अभिजात' लिखा गया था। इस पुराने मामले को लेकर सितंबर 2025 में लखनऊ के तालकटोरा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसे बाद में विवेचना के लिए देवरिया सदर कोतवाली स्थानांतरित कर दिया गया। इसी मामले में कार्रवाई करते हुए यूपी पुलिस ने 10 दिसंबर 2025 को पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर को चलती ट्रेन से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद, फरवरी 2026 में उन्हें जिला जज की अदालत से जमानत मिलने पर रिहा किया गया। पति की गिरफ्तारी के बाद नूतन ठाकुर पर भी गिरफ्तारी की तलवार लटक रही थी। उन्होंने पहले देवरिया जिला न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी लगाई थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया था। इसके बाद उन्होंने उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। नूतन ठाकुर के अधिवक्ता प्रवीण द्विवेदी ने बताया कि हाईकोर्ट में दलीलें सुनने के बाद अदालत ने उनकी अग्रिम जमानत मंजूर कर ली है। कोर्ट ने माना कि यह मामला काफी पुराना है और आरोपी का सहयोग जांच में आवश्यक है, लेकिन गिरफ्तारी की जरूरत नहीं है। अमिताभ ठाकुर और नूतन ठाकुर लंबे समय से उत्तर प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक व्यवस्था में सक्रिय हस्तक्षेप करते रहे हैं। अमिताभ ठाकुर की गिरफ्तारी को उनके समर्थकों ने 'राजनीतिक प्रतिशोध' करार दिया था। फिलहाल, नूतन ठाकुर को मिली इस राहत से पुलिस के उस ऐक्शन पर लगाम लग गई है, जिसके तहत उनकी गिरफ्तारी की आशंका जताई जा रही थी।

Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: Live Hindustan

Want to join the conversation?

Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.

इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने धोखाधड़ी के आरोपी पूर्व आई. पी. एस. अधिकारी की पत्नी को अग्रिम जमानत दी | Achira News