उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले से एक हत्या की वारदात सामने आई है. यहां बखिरा थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में सामने आया कि मामला आपसी विवाद से जुड़ा है. वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल हो गया, जिसको लेकर अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात किया गया है. बखिरा थाना क्षेत्र के रहने वाले आनंद कुमार का एक अन्य युवक नासिर से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई. आरोप है कि इसी दौरान नासिर ने धारदार हथियार से आनंद कुमार पर हमला कर दिया. हमला इतना गंभीर था कि आनंद कुमार की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया. हत्या की खबर फैलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए. सूचना मिलने के बाद बखिरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जायजा लिया. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिले के सीनियर पुलिस अफसर और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है. संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई. इसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. प्रशासन लगातार लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील कर रहा है. फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम की जांच कर रही है. शुरुआती तौर पर इसे आपसी विवाद का मामला माना जा रहा है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही सभी तथ्यों की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले में हत्या की सूचना मिली है।
Aaj Tak•

Full News
Share:
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: Aaj Tak
Want to join the conversation?
Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.