Achira News Logo
Achira News

उत्तर प्रदेश के हापुड़ में पुलिस मुठभेड़ में 50,000 रुपये के इनाम वाला अपराधी मारा गया

Aaj Tak
उत्तर प्रदेश के हापुड़ में पुलिस मुठभेड़ में 50,000 रुपये के इनाम वाला अपराधी मारा गया
Full News
Share:

उत्तर प्रदेश के हापुड़ में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी अपराधी श्याम मारा गया. वह इसी महीने एक कारोबारी के घर हुई बड़ी डकैती और परिवार को बंधक बनाने की वारदात में वांछित था. पुलिस ने उसके पास से अवैध हथियार, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है. हापुड़ पुलिस के अनुसार, गुरुवार देर रात बुलंदशहर रोड पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगा. पुलिस को उस पर शक हुआ और उसका पीछा किया गया. बाद में गोदी गांव के पास नाकाबंदी कर उसे घेरने की कोशिश की गई. इसी दौरान आरोपी ने खुद को घिरा हुआ देखकर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि बदमाश ने ट्यूबवेल के पीछे छिपकर पुलिस टीम पर गोलियां चलाईं. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की. मुठभेड़ में आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तुरंत शहर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मारे गए बदमाश की पहचान 25 वर्षीय श्याम के रूप में हुई है, जो रामपुर जिले का रहने वाला था. पुलिस के मुताबिक, श्याम एक जून को हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के गिरधारीनगर में एक कारोबारी के घर हुई डकैती की वारदात में शामिल था. वारदात के दौरान बदमाशों ने कारोबारी के परिवार और एक चौकीदार को बंधक बना लिया था. इसके बाद आरोपी घर से बड़ी मात्रा में सामान लेकर फरार हो गए थे. इस मामले में श्याम की तलाश लगातार की जा रही थी. डकैतों ने कारोबारी के घर से करीब 1.25 किलो सोने के जेवरात, नकदी, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूट लिए थे. घटना के बाद पुलिस ने कई टीमों का गठन किया था और आरोपियों की तलाश शुरू की थी. श्याम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था. पुलिस का कहना है कि वह लंबे समय से फरार चल रहा था. जांच में सामने आया कि श्याम का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से ही काफी लंबा था. उसके खिलाफ मुरादाबाद में डकैती और गैंगस्टर एक्ट के तहत कई मामले दर्ज थे. पुलिस के अनुसार, वह संगठित अपराध से जुड़ा हुआ था और कई गंभीर वारदातों में उसका नाम सामने आया था. इसी वजह से वह पुलिस की निगरानी सूची में शामिल था. मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से एक अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई. पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है. पुलिस पूरे गिरोह के नेटवर्क की जांच कर रही है. हापुड़ पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. कारोबारी के घर हुई डकैती की घटना को लेकर पुलिस पर जल्द कार्रवाई का दबाव था. इनामी बदमाश के मारे जाने के बाद पुलिस इसे बड़ी सफलता मान रही है. साथ ही इस मामले में बाकी फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए भी छापेमारी जारी है.

Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: Aaj Tak

Want to join the conversation?

Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.