Achira News Logo
Achira News

उत्तर प्रदेश में भाजपा विधायक ने पेश किया रिपोर्ट कार्ड, समाजवादी पार्टी पर साधा निशाना

ABP News•
उत्तर प्रदेश में भाजपा विधायक ने पेश किया रिपोर्ट कार्ड, समाजवादी पार्टी पर साधा निशाना
Full News
Share:

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल अभी से गर्म होने लगा है. सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज है. इसी बीच बाराबंकी की हैदरगढ़ विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक दिनेश रावत ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए बीजेपी सरकार के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड पेश किया. लखनऊ में समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर लगाए गए ‘27 में कृष्ण आएंगे’ पोस्टर पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक दिनेश रावत ने सपा पर सनातन धर्म का अपमान करने और प्रदेश में उपद्रव व दंगा-फसाद की राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी अपनी राजनीतिक कार्यशैली के कारण ही पिछले कई वर्षों से सत्ता से बाहर है और 2027 में भी सत्ता में वापसी नहीं कर पाएगी. विधायक ने किसानों के मुद्दे पर बीजेपी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पिछली सरकारों में प्राकृतिक आपदा से फसल बर्बाद होने पर किसानों को दो, पांच और छह रुपये तक के मुआवजे के चेक दिए जाते थे. इसके विपरीत बीजेपी सरकार ने फसल नुकसान पर शिविर लगाकर किसानों को मुआवजा उपलब्ध कराया. उन्होंने दावा किया कि हाल में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को करीब 20 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है. फसल बीमा योजना का लाभ भी पात्र किसानों को मिल रहा है. दिनेश रावत ने कहा कि बीजेपी सरकार में प्रदेश के साथ बाराबंकी में भी विकास कार्य हुए हैं. एक्सप्रेसवे कॉरिडोर, सड़कें, पुल और परगामी सेतुओं का निर्माण कराया गया है. उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र हैदरगढ़ में पांच पुल और दो परगामी सेतु बनाए जाने की बात कही. विधायक ने उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, पेंशन और बेटियों के लिए संचालित योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि अब सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंच रहा है. उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में एक करोड़ 89 लाख महिलाओं को मुफ्त गैस सिलेंडर दिए गए हैं. साथ ही युवाओं को पुलिस समेत विभिन्न विभागों में बिना रिश्वत और भेदभाव के नौकरियां मिली हैं. विधानसभा चुनाव 2027 में बीजेपी कितनी सीटें जीतेगी, इस सवाल पर विधायक ने कहा कि सीटों की संख्या चुनाव परिणाम आने के बाद ही पता चलेगी. हालांकि, उन्होंने 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में बीजेपी को मिले जनसमर्थन का हवाला देते हुए पार्टी की जीत का भरोसा जताया. महंगाई, बेरोजगारी और वोट चोरी जैसे विपक्ष के मुद्दों को उन्होंने जनता को गुमराह करने वाला बताया. अब सवाल यह है कि बीजेपी विधायक द्वारा गिनाई जा रही विकास की उपलब्धियां 2027 के विधानसभा चुनाव में कितना असर डालेंगी? क्या जनता विकास और सरकारी योजनाओं के आधार पर फिर बीजेपी को मौका देगी या विपक्ष के सवाल चुनावी माहौल बदलेंगे?

Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: ABP News

Want to join the conversation?

Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.