Achira News Logo
Achira News

उत्तर प्रदेश में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए मां और बेटा

Live Hindustan
उत्तर प्रदेश में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए मां और बेटा
Full News
Share:

UP News:उत्तर प्रदेश के देवरिया के मेहड़ा पुरवां मोहल्ले में मंगलवार की शाम को संदिग्ध हालत में एक महिला और उसके आठ वर्षीय बेटे की मौत हो गई जबकि छोटे बेटे की भी हालत गंभीर बनी हुई है। पति से विवाद में महिला के खुद जहर खाने और बच्चों को भी खिलाने की बात कही जा रही है जबकि महिला के भाई ने पति पर जहर खिलाने का आरोप लगाया है। पुलिस महिला के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य एकत्रित किया। एसपी अभिजीत आर शंकर ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर अधिकारियों से घटना के बारे में जानकारी ली। कोतवाली क्षेत्र के खोराराम के बसडिला निवासी निराला विश्वकर्मा शहर के मेहड़ा पुरवा में मकान बनवाकर रहते हैं। परिवार में उनके तीन भाई भी हैं जो अलग रहते हैं। निराला बढ़ई का काम करते हैं। निराला मकान पर पत्नी अंजली (30) और दो बेटों कृष्णा (8) और नागेंद्र उर्फ कान्हा (7) के साथ रहते थे। दोनों बच्चे मूक बधिर थे। मंगलवार की शाम को अचानक अंजली और दोनों बेटों की तबीयत बिगड़ गई। आनन-आनन फानन में परिजनों ने सभी को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे जहां जांच-पड़ताल के बाद डॉक्टरों ने अंजली और कृष्णा को मृत घोषित कर दिया। छोटे बेटे कान्हा की भी हालत गंभीर बनी हुई है। उसका पीआईसीयू में इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी अभिजीत आर शंकर, एएसपी आनंद कुमार पाण्डेय और सीओ सीटी संजय कुमार रेड्डी ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच पड़ताल की। पुलिस से जुड़े सूत्रों का कहना है कि दो दिन पहले निराला और पत्नी अंजली में मायके जाने को लेकर विवाद हुआ था। अंजली मायके जाना चाहती थी। पति निराला उसे कुछ दिन रूककर जाने को कह रहे थे। इसे लेकर दोनों लोगों में कहासुनी हुई। उसके बाद अंजली उदास रहने लगी। उसने दो दिन से खाना भी नहीं खाया था। आस-पास के लोगों ने बताया कि मंगलवार को अंजली घर पर अकेली थी। तीसरे पहर अंजली और उसके दोनों बेटों की तबीयत बिगड़ गई। देवर आकाश किसी काम से अंजली के घर गया था। कई बार आवाज देने के बाद भी जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई तो देवर कमरे में गया। कमरे में बेड पर अंजली और उसके दोनों बेटे बेसुध पड़े थे। घटना की जानकारी होने पर स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए और सभी को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। मृतका के भाई ने पति निराला पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस को दिए तहरीर में उसने कहा है कि निराला काफी दिनों से उसकी बहन को प्रताड़ित करते थे। इसे लेकर कई बार पंचायत भी हुई थी। उसके बावजूद निराला के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया और मंगलवार को यह घटना हो गई। एएसपी उत्तरी आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि मेहड़ा-पुरवा मोहल्ले में एक महिला और उसके बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई जबकि उसका एक बेटा गंभीर है। अभी तक जो तथ्य सामने आए हैं उसके अनुसार पति से दो दिन पूर्व विवाद हुआ था उसी से नाराज होकर महिला के अपने साथ ही बच्चों को भी जहर खिलाने की बात कही जा रही है। पुलिस इसकी छानबीन कर रही है।

Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: Live Hindustan

Want to join the conversation?

Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.

उत्तर प्रदेश में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए मां और बेटा | Achira News