यूपी के कानपुर के ग्वालटोली की रहने वाली जन्म से मूक-बधिर रही 19 वर्षीय खुशी गुप्ता के जीवन में उम्मीद की नई रोशनी जगी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल से हुए कॉख्लियर इम्प्लांट ऑपरेशन के बाद अब खुशी न सिर्फ सुनने लगी है, बल्कि धीरे-धीरे बोलने की भी शुरुआत कर रही है। खुशी के मुंह से निकले पहले शब्द थे,‘धन्यवाद योगी जी।’ खुशी की मां गीता देवी ने बताया कि ऑपरेशन के बाद परिवार की उम्मीदें और विश्वास और मजबूत हुए हैं। उन्होंने कहा कि अब खुशी उनसे खाना मांगती है और अपनी बात शब्दों में कहने की कोशिश करती है। पहले वह केवल इशारों के माध्यम से संवाद करती थी। मां ने बताया कि बेटी के ऑपरेशन के बाद उन्होंने पूजा-अर्चना की और मंदिर जाकर मन्नत भी मांगी थी। खुशी के पिता कल्लू गुप्ता ने बताया कि 20 नवंबर 2025 को खुशी बिना बताए घर से निकल गई थी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। 22 नवंबर को लखनऊ से सूचना मिली कि खुशी पुलिस के पास है। पूछताछ में उसने स्केच आर्ट और इशारों के जरिए बताया कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलना चाहती है। 24 नवंबर को परिवार को सूचना मिली कि मुख्यमंत्री खुशी से मिलना चाहते हैं। इसके बाद 26 नवंबर 2025 को खुशी मुख्यमंत्री आवास पहुंची, जहां योगी आदित्यनाथ ने उसके सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया और इलाज, शिक्षा तथा परिवार के सहयोग के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर खुशी का इलाज शुरू हुआ। पहले 5 दिसंबर को एक कान का ऑपरेशन किया गया, लेकिन लाभ नहीं मिला। जांच के बाद डॉक्टरों ने कॉख्लियर इम्प्लांट की सलाह दी। फाउंडेशन और दिव्यांगजन अधिकारी के सहयोग से 26 जनवरी 2026 को खुशी का कॉक्लियर इम्प्लांट ऑपरेशन किया गया, जो पूरी तरह सफल रहा। डॉक्टरों के अनुसार खुशी अब सुनने लगी है और टूटे-फूटे शब्दों में बोल रही है। उसे स्पीच थेरेपी दी जा रही है और उम्मीद है कि तीन महीने में वह स्पष्ट बोलने लगेगी, जबकि एक साल के भीतर सामान्य बच्चों की तरह बातचीत कर सकेगी। खुशी टीवी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को देखकर उनकी तस्वीरें बनाती रहती है। उसका सपना है कि वह भविष्य में पुलिस अफसर बने। परिवार का कहना है कि मुख्यमंत्री की संवेदनशील पहल से उनकी बेटी को नई जिंदगी मिली है।
कॉक्लियर प्रत्यारोपण ऑपरेशन के बाद मूक-बधिर किशोर के लिए नई उम्मीद
Live Hindustan•

Full News
Share:
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: Live Hindustan
Want to join the conversation?
Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.