Achira News Logo
Achira News

क्रिकेट के नियमों में ऐतिहासिक बदलावः जीतने वाली टीमें पेनल्टी रन के कारण हार सकती हैं

TV9 Hindi
क्रिकेट के नियमों में ऐतिहासिक बदलावः जीतने वाली टीमें पेनल्टी रन के कारण हार सकती हैं
Full News
Share:

क्रिकेट मैच चल रहा है. जीत के लिए 2 रन की जरूरत है और सिर्फ एक गेंद बाकी है. बल्लेबाज इस आखिरी गेंद पर 2 रन बटोर लेता है. इस तरह टीम मैच जीत जाती है. मगर तभी अंपायर का एक फैसला इस नतीजे को पलट देता है और जीती हुई टीम मैच हार जाती है. अगर आप सोच रहे हैं कि ऐसा हो ही नहीं सकता. जीती हुई टीम भला मैच कैसे हार सकती है? मगर आने वाले वक्त में ये हकीकत बनने जा रहा है क्योंकि क्रिकेट के कानूनों में एक बड़ा, ऐतिहासिक और क्रांतिकारी बदलाव का ऐलान हो गया है. क्रिकेट के कानून बनाने वाली और उनकी संरक्षक संस्था मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (MCC) ने ऐलान किया है कि मैच खत्म होने के बाद भी पेनल्टी रन के कारण जीती हुई टीम मैच हार सकती है. MCCने 3 फरवरी को क्रिकेट के अलग-अलग कानूनों में कुल 73 बदलावों का ऐलान किया, जो इस साल 1 अक्टूबर से लागू हो जाएंगे. अभी तक वैसे तो इन्हें ICC की ओर से पारित नहीं किया गया है लेकिन हमेशा की तरह MCC के बनाए या बदले गए कानून तुरंत ही लागू हो जाते हैं क्योंकि इस खेल के सबसे पुराने और सबसे पहले कानून इसी संस्था ने बनाए थे और तब से वो ही इनका जिम्मा संभाले हुए है. मगर ये कानून है क्या, जिससे जीता हुआ मैच भी कोई टीम हार सकती है. असल में MCC की ओर से प्रकाशित क्रिकेट के कानूनों की लिस्ट में ‘पेनल्टी रन’ को लेकर भी एक प्रावधान है. इसका जिक्र कानून नंबर 41.17 में है. इसमें ही एक अहम बदलाव 41.17.2 में किया गया है, जो मैच खत्म होने के दौरान पेनल्टी रन से जुड़ा है. इसके मुताबिक, अगर किसी मैच का नतीजा आ जाता है लेकिन अंपायरों के मैदान से बाहर निकलने से पहले ही कोई भी टीम किसी तरह के कानून का उल्लंघन करती है तो अंपायर उस टीम के खिलाफ पेनल्टी रन दे सकते हैं. इसे समझाने के लिए एक उदाहरण भी MCC ने दिया है. माना, मैच की आखिरी गेंद पर एक बल्लेबाज रन लेकर टीम को जिताता है और जश्न मनाते हुए गेंदबाज के चेहरे पर मुक्का जड़ देता है तो उस टीम पर पेनल्टी रन पड़ जाएंगे और वो मैच हार जाएगी. इसमें एक दूसरा पहलू भी है. अगर मैच आखिरी गेंद से पहले ही खत्म हो जाता है लेकिन जीतने वाली टीम पर पेनल्टी पड़ती है, जिसके चलते मैच का नतीजा बदल जाता है. ऐसी स्थिति में अगर मैच को जारी रखने की संभावना हो तो खेल पूरा किया जाएगा. यानि अगर 49वें ओवर में टीम जीतती है लेकिन पेनल्टी रन के कारण मैच का नतीजा पलट जाता है तो खेल को वहीं से आगे बढ़ाया जाएगा. इस दौरान अगर कोई भी टीम या दोनों टीम किसी तरह का कानून तोड़ती पाई जाती हैं तो उस क्रम में आगे भी पेनल्टी लगती रहेगी.

Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: TV9 Hindi

Want to join the conversation?

Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.

क्रिकेट के नियमों में ऐतिहासिक बदलावः जीतने वाली टीमें पेनल्टी रन के कारण हार सकती हैं | Achira News