Achira News Logo
Achira News

कालका में डकैती की बड़ी साजिश को पुलिस ने विफल किया, पांच हथियारबंद लुटेरों को किया गिरफ्तार

Dainik Jagran
कालका में डकैती की बड़ी साजिश को पुलिस ने विफल किया, पांच हथियारबंद लुटेरों को किया गिरफ्तार
Full News
Share:

कालका में डकैती की बड़ी साजिश नाकाम हुई है। कालका थाना पुलिस ने हथियारों से लैस पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जो किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस ने इनके कब्जे से एक अवैध विदेशी पिस्टल, छह कारतूस, लोहे की राड, गंडासी और सुआ जैसे हथियार बरामद किए हैं। ये शातिर बिना नंबर प्लेट की होंडा सिटी कार में सवार थे, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। एसीपी कालका आशीष कुमार ने बताया कि पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली की रेस्ट हाउस और गोशाला के नजदीक सुनसान जगह पर होंडा सिटी कार में कुछ युवक सवार हैं और उनके पास हथियार भी हैं। सूचना के आधार पर सब इंस्पेक्टर सतीश कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो कार के पास खड़े तीन लड़के पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर पांच आरोपितों को दबोच लिया। पकड़े गए सभी आरोपित मूल रूप से पंजाब के मलोट (मुक्तसर साहिब) के रहने वाले हैं और वहां गैंगवार में फायरिंग करने के बाद से फरार चल रहे थे। वहां से फरार होने के बाद इनके पास रुपये खत्म हो गए थे। इसलिए ये कालका में डकैती डालने की साजिश रच रहे थे। आरोपितों की पहचान बबलू ऋतिक उर्फ मंगू, नवीश कुमार उर्फ ननु, दीपक कुमार और खुशदीप सिंह उर्फ निर्मल के रूप में हुई है, जो सभी मलोट, जिला मुक्तसर, पंजाब के निवासी हैं। डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता के अनुसार आरोपित बबलू अवैध विदेशी पिस्टल और मैगजीन में लोड छह कारतूस बरामद हुए। आरोपितों की गाड़ी से लोहे की राड और सुआ जैसे हथियार मिले हैं। पूछताछ में आरोपितों ने कुबूल किया कि मलोट में उनकी कुछ लड़कों के साथ पुरानी रंजिश चल रही थी, जिसके चलते 13 जून को उनका वहां झगड़ा हुआ था और बबलू ने वहां सरेआम फायरिंग की थी। इस संबंध में थाना सदर मलोट में इनके खिलाफ हत्या व आर्म्स एक्ट का मामला भी दर्ज है। आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की धारा 310(4) और आर्म्स एक्ट के तहत कालका थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस रिकार्ड के अनुसार, आरोपित रितिक उर्फ मंगू एक आदतन और शातिर अपराधी है, जिस पर पंजाब में पहले से ही नशा तस्करी, चोरी और लड़ाई-झगड़े के कई मामले दर्ज हैं। सभी आरोपितों को अदालत में पेश किया गया, जहां से आरोपित दीपक और खुशदीप को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं मुख्य आरोपित बबलू, रितिक और नवीश का चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: Dainik Jagran

Want to join the conversation?

Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.