Achira News Logo
Achira News

खान-पान व्यवसायी ने बकाया शादी के बिल के भुगतान की मांग की

India TV
खान-पान व्यवसायी ने बकाया शादी के बिल के भुगतान की मांग की
Full News
Share:

सनसनीखेज हत्याकांड के कारण देशभर में सुर्खियों में रही राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी की शादी एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार मामला न तो शादी का है और न ही हत्याकांड का, बल्कि उसी विवाह समारोह के बकाया कैटरिंग बिल को लेकर नया बवाल सामने आया है। बताया जा रहा है कि राजा और सोनम रघुवंशी की शादी का 2 लाख 82 हजार 550 रुपये का कैटरिंग बिल बकाया है। कैटरिंग कारोबारी ने सोनम रघुवंशी के भाई गोविंद रघुवंशी और उनके परिवार को कानूनी नोटिस भेजकर 15 दिन के भीतर भुगतान की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि रकम नहीं चुकाने पर धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात का मामला दर्ज कराया जाएगा। हाई कोर्ट अधिवक्ता जयंत दुबे के माध्यम से भेजे गए नोटिस में कैटरिंग व्यवसायी हितेश उर्फ जिमी रोहिरा ने दावा किया है कि 10 और 11 फरवरी 2025 को राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी के विवाह समारोह की पूरी कैटरिंग और भोजन व्यवस्था उन्होंने संभाली थी। नोटिस के मुताबिक, आयोजन का कुल बिल 11 लाख 42 हजार 550 रुपये था। इसमें से 8 लाख 60 हजार रुपये का भुगतान किया गया, लेकिन 2 लाख 82 हजार 550 रुपये आज भी बकाया है। कारोबारी का आरोप है कि कई बार फोन, मुलाकात और लिखित रूप से भुगतान की मांग की गई, लेकिन हर बार सिर्फ भरोसा मिला। आखिरकार कारोबारी ने सोनम रघुवंशी के भाई गोविंद रघुवंशी और उनके परिवार को विधिक नोटिस भेजकर 15 दिन का अंतिम मौका दिया है। नोटिस में साफ कहा गया है कि यदि तय समय में पूरी राशि का भुगतान नहीं हुआ, तो धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात के आरोपों में आपराधिक शिकायत दर्ज कराई जाएगी। साथ ही, बकाया राशि की वसूली के लिए सिविल कोर्ट में भी दावा पेश किया जाएगा। एक ओर यह वही शादी है, जिसके कुछ ही दिनों बाद सामने आए चर्चित हत्याकांड ने पूरे देश को चौंका दिया था और अब उसी आयोजन से जुड़ा लाखों रुपये का कैटरिंग बिल नया कानूनी विवाद बनकर सामने आया है। हालांकि, यह पूरा मामला फिलहाल केवल कानूनी नोटिस तक सीमित है। नोटिस में लगाए गए आरोप कारोबारी के दावे हैं और गोविंद रघुवंशी या उनके परिवार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। बता दें कि राजा रघुवंशी की हत्या की आरोपी उसकी पत्नी सोनम रघुवंशी ने हाल ही में मेघालय की एक अधीनस्थ कोर्ट के सामने सरेंडर किया है। (रिपोर्ट- भरत पाटिल)

Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: India TV

Want to join the conversation?

Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.