Achira News Logo
Achira News

गुजरात के वीरपर्दा गांव में रहस्यमय कुएँ का पानी हिंसक रूप से हिल गया

Aaj Tak
गुजरात के वीरपर्दा गांव में रहस्यमय कुएँ का पानी हिंसक रूप से हिल गया
Full News
Share:

गुजरात के मोरबी जिले के वीरपरडा गांव से एक अत्यंत अनोखी और रहस्यमयी घटना सामने आई है, जो पूरे इलाके में कौतूहल और चर्चा का विषय बनी हुई है. यहां गांव के एक किसान के खेत में बने कुएं का पानी अचानक जोर-जोर से हिलने लगा. इस अद्भुत नजारे को अपनी आंखों से देखने के लिए आसपास के दर्जनों गांवों से लोग बड़ी संख्या में कुएं पर पहुंच रहे हैं. वीरपरडा गांव के किसान प्राणजीवनभाई सादरिया के खेत में बने कुएं में पानी की तेज हलचल सबसे पहले रविवार और सोमवार को देखी गई थी. मंगलवार को अचानक पानी शांत हो गया, लेकिन बुधवार और गुरुवार को एक बार फिर कुएं का पानी इतनी जोर से हिलने लगा मानो अंदर कोई बड़ा उबाल आ रहा हो. पानी में अचानक आई इस असामान्य हलचल के बाद गांव में तरह-तरह की अफवाहें और चर्चाएं शुरू हो गईं. कई लोग इसे कुदरत का अनोखा करिश्मा मान रहे हैं, तो कुछ लोग इसके वैज्ञानिक कारणों को तलाश रहे हैं. घटना की जानकारी मिलते ही मोरबी जिला प्रशासन हरकत में आया. मोरबी के कलेक्टर स्वप्निल खरे ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए. इसके बाद मोरबी के भूस्तर शास्त्री (Geologist) जगदीश वाढेर ने विशेषज्ञों की टीम के साथ वीरपरडा गांव पहुंचकर कुएं का निरीक्षण किया और पानी के सैंपल लिए. प्राथमिक जांच के बाद कलेक्टर और भूस्तर शास्त्री ने बताया कि हाल ही में नया कुआं खोदा गया है. भारी बारिश के कारण जब भूजल तेजी से रीचार्ज होता है, तो जमीन के अंदर खाली जगहों में मौजूद हवा पानी के दबाव से बाहर निकलने की कोशिश करती है. जब नीचे फंसी हुई हवा तेजी से ऊपर की ओर आती है, तो कुएं का पानी सतह पर जोर-जोर से हिलता हुआ या उबलता हुआ दिखाई देता है. फिलहाल प्रशासन ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है.

Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: Aaj Tak

Want to join the conversation?

Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.