Achira News Logo
Achira News

चंडीगढ़ के छात्र ने केवीएस राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में हैमर थ्रो में स्वर्ण पदक जीता

Dainik Jagran
चंडीगढ़ के छात्र ने केवीएस राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में हैमर थ्रो में स्वर्ण पदक जीता
Full News
Share:

केंद्रीय विद्यालय हाई ग्राउंड्स चंडीगढ़ के दसवीं कक्षा के छात्र हर्षदीप सिंह ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय और चंडीगढ़ का नाम रोशन किया है। हर्षदीप ने 55वीं केवीएस राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता-2026 में हैमर थ्रो अंडर-19 में स्वर्ण पदक जीतकर प्रथम स्थान हासिल किया। केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) की ओर से राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता केवीएस एर्नाकुलम रीजन, केरल में हुई। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। चंडीगढ़ की ओर से हर्षदीप प्रतियोगिता का हिस्सा बने। हर्षदीप की उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उसके पिता जगजीत सिंह जीएमसीएच-32 अस्पताल में एक निजी एजेंसी के माध्यम से सुरक्षा कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं। परिवार की सीमित आर्थिक परिस्थितियों और संसाधनों के बावजूद हर्षदीप ने खेल के प्रति लगन और लगातार मेहनत से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। बेटे की सफलता पर पिता जगजीत सिंह ने खुशी जताते हुए कहा कि हर्षदीप की यह उपलब्धि पूरे परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने की कोशिश करने वाले हर बच्चे के लिए यह सफलता प्रेरणा बन सकती है। हर्षदीप की इस सफलता पर केंद्रीय विद्यालय हाई ग्राउंड्स के प्राचार्य और शिक्षकों ने भी खुशी जताई। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल करना छात्र की मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है। विद्यालय परिवार ने हर्षदीप को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि वह आगे भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और चंडीगढ़ का नाम रोशन करता रहेगा।

Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: Dainik Jagran

Want to join the conversation?

Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.