झारखंड में धीरे-धीरे ठंड का असर बढ़ने लगा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान जताया है। इससे सुबह और देर रात ठिठुरन बढ़ सकती है। आसमान साफ रहने के कारण रात में धरती की गर्मी तेजी से बाहर निकलेगी, जिससे न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। हालांकि, दिन में धूप निकलने से मौसम सुहावना बना रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। बुधवार को रांची के न्यूनतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जबकि अधिकतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस बढ़ा। विभाग ने सुबह घर से बाहर निकलने वाले लोगों को हल्के गर्म कपड़े साथ रखने की सलाह दी है। राज्य के ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। सुबह के समय रांची, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, पलामू और जमशेदपुर में हल्की धुंध या कुहासा देखने को मिल सकता है। खूंटी, गुमला और लोहरदगा में भी सुबह के समय दृश्यता प्रभावित होने की आशंका है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होगा और धूप निकलने से मौसम सामान्य हो जाएगा। पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा और गुमला में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, भारी बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। वहीं, रांची, पलामू, गढ़वा, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, दुमका, जामताड़ा, लातेहार, लोहरदगा, खूंटी, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, राज्य के प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान 28 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। रांची में अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 19 डिग्री रहने का अनुमान है। पलामू में 29 और 17 डिग्री, हजारीबाग में 29 और 19 डिग्री, जबकि रामगढ़ में 29 और 18 डिग्री तापमान रह सकता है। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 22 डिग्री, जबकि बोकारो में अधिकतम 29 और न्यूनतम 20 डिग्री रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 6, 7 और 8 नवंबर को राज्य में आसमान साफ रहेगा। इसके बाद 9 नवंबर से उत्तर-पूर्वी जिलों में बादलों की आवाजाही शुरू हो सकती है। इस दौरान संताल परगना के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है। 10 नवंबर को भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। रांची में भी मौसम में बदलाव का आंशिक असर दिख सकता है।
झारखंड में अगले कुछ दिनों में शीत लहर की स्थिति बढ़ने की उम्मीद है
Amar Ujala•

Full News
Share:
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: Amar Ujala
Want to join the conversation?
Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.