Achira News Logo
Achira News

झारखंडः सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत, 2 घायल

India TV•
झारखंडः सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत, 2 घायल
Full News
Share:

झारखंड के खूंटी जिले से रोंगटे खड़े कर देने वाला दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। दरअसल, कर्रा थाना क्षेत्र स्थित कोशांबी कॉलोनी के पास गुरुवार रात एक बेकाबू 18 चक्का ट्रेलर ने सड़क पर मौजूद लोगों को बुरी तरह रौंद दिया। इस दिल दहला देने वाली दुर्घटना में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में 4 महिलाएं और 3 मासूम बच्चे शामिल हैं। चश्मदीदों के मुताबिक, रात करीब सवा 10 बजे एक स्कूटी सवार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में गिर गया था। फिर, शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण उसकी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकले। कुछ युवक झाड़ी में फंसे स्कूटी सवार को बाहर निकालने में जुटे थे, वहीं महिलाएं और बच्चे सड़क किनारे खड़े होकर देख रहे थे। इसी दौरान, तोरपा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे अनियंत्रित ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े 9 लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। हादसे में स्थानीय निवासी बिरसा नायक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनके परिवार के तीन सदस्यों पत्नी कसीला देवी, बेटी अंजलि कुमारी और एक वर्षीय नाती सौरभ नायक की जान चली गई। मृतकों में कसीला देवी, मान्दू देवी, अंजली कुमारी, पाको देवी, तूती कुमारी, गोलू कुमार और मासूम सौरभ भी शामिल हैं। वहीं, घायलों को तत्काल इलाज के लिए खूंटी सदर अस्पताल और तोरपा सीएचसी भेजा गया है। हादसे की सूचना मिलते ही खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग देर रात अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। घटना की जानकारी देते हुए एसपी ऋषभ गर्ग ने कहा कि यह बेहद दुखद और हृदय विदारक घटना है। कर्रा थाना क्षेत्र के रेलवे फाटक के पास स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त होने पर लोग मदद के लिए पहुंचे थे। वहां तीखा मोड़ और अंधेरा होने के कारण 18 चक्का वाहन चालक को लोग नजर नहीं आए और यह बड़ा हादसा हो गया। अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि घायल बच्ची खतरे से बाहर है। हादसे के बाद चालक और खलासी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। ​घटना के बाद पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई हैं। इससे पहले हाल में झारखंड की कोयला खदान में कोयले का ढेर ढहने से 3 लोगों की मौत हो गई थी ।

Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: India TV

Want to join the conversation?

Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.