देश में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रही है. फिलहाल ई-कारों से ज्यादा इलेक्ट्रिक टू-व्हीलरों की मांग ज्यादा है. इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट ने पिछले कुछ सालों से तेज रफ्तार पकड़ी है. इस सेगमेंट में कई नई कंपनियों ने भी कदम रखा है, जो अच्छा प्रदर्शन कर रही है. लेकिन TVS मोटर इस सेगमेंट की धुरंधर कंपनी साबित हुई है. सेगमेंट में काफी देर से एंट्री करने वाली यह कंपनी अब सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक स्कूटर बेच रही है. TVS के लिए बीता हुआ साल सबसे बेहतरीन साबित हुआ है. यह न सिर्फ इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट की सबसे बड़ी कंपनी बनकर उभरी है, बल्कि इसने चालू वित्त वर्ष 2025-26 में 3 लाख यूनिट से ज्यादा इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचने का रिकॉर्ड भी बना दिया है. कंपनी ने जनवरी 2020 में ई-टू व्हीलर बाजार में एंट्री की थी और अब पहली बार एक ही वित्त वर्ष में 3 लाख से ज्यादा गाड़ियों की बिक्री कर ली है. वाहन पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार, TVS ने 1 अप्रैल 2025 से 17 मार्च तक 3,09,984 इलेक्ट्रिक स्कूटर ग्राहकों को दिए हैं. अगर थोक बिक्री की बात करें, तो SIAM के अनुसार TVS ने FY2026 के पहले 11 महीनों में 3,28,744 यूनिट भेजी हैं, जो पिछले साल से करीब 33% ज्यादा है. अप्रैल से सितंबर 2025 तक कंपनी लगातार नंबर-1 रही. अक्टूबर में एक बार बजाज ऑटो ने उसे पीछे छोड़ा, लेकिन नवंबर में TVS फिर से आगे आ गई और दिसंबर, जनवरी और फरवरी में अपनी बढ़त बनाए रखी. इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बेचने वाली बाकी कंपनियां जैसे बजाज, एथर, ओला और हीरो अभी तक 3 लाख यूनिट के आसपास भी नहीं पहुंच पाई हैं. दूसरे नंबर पर बजाज है, जिनसे ने चालू वित्त वर्ष में 16 मार्च तक करीब 2.5 लाख ई-स्कूटर बेचे हैं, जबकि एथर एनर्जी ने 2,15,113 स्कूटर, ओला ने 1,57,286 यूनिट और हीरो ने 1.3 लाख ई-स्कूटर बेचे हैं. ई-टू व्हीलर इंडस्ट्री की करीब 140 कंपनियों में से सिर्फ यही 5 कंपनियां हैं, जिन्होंने 1 लाख से ज्यादा यूनिट की बिक्री दर्ज की है. TVS का यह प्रदर्शन इसे भारत की दूसरी ऐसी कंपनी बनाता है, जिसने एक वित्त वर्ष में 3 लाख से ज्यादा ई-स्कूटर की बिक्री की है. इससे पहले ओला ने वित्त वर्ष 2025 में 3,44,292 यूनिट बेचकर यह उपलब्धि हासिल की थी, हालांकि मौजूदा साल में उसकी बिक्री करीब 57% तक गिर गई है. दिलचस्प बात यह है कि TVS 2025 में सिर्फ 754 यूनिट से 3 लाख के आंकड़े से चूक गई थी, जब उसने 2,99,246 यूनिट बेची थीं. अब उम्मीद है कि TVS FY2026 में करीब 3.27 लाख यूनिट की रिकॉर्ड बिक्री के साथ बाजार में नंबर-1 बन सकती है. FY2025 में कंपनी ने 2,37,928 iQube बेचे थे और Ola Electric के बाद दूसरे स्थान पर थी. TVS का iQube देश का सबसे ज्यादा बिकने वाला इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बना हुआ है, जबकि अगस्त 2025 में लॉन्च हुआ Orbiter स्कूटर भी तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. हाल ही में 12 मार्च को कंपनी ने बैटरी-एज-ए-सर्विस (BaaS) मॉडल शुरू किया है, जिससे ग्राहकों को कम शुरुआती कीमत पर स्कूटर खरीदने का विकल्प मिलता है और बैटरी को लेकर लंबी अवधि की चिंता भी कम होती है. इसके साथ ही कंपनी ने नया Orbiter V1 (1.8 kWh) लॉन्च किया है, जिसकी कीमत दिल्ली में ₹84,500 (एक्स-शोरूम) है, जबकि BaaS मॉडल के साथ यह ₹49,999 में उपलब्ध है.
टीवीएस मोटर ने भारत में इलेक्ट्रिक स्कूटर की बिक्री में कीर्तिमान स्थापित किया
TV9 Hindi•

Full News
Share:
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: TV9 Hindi
Want to join the conversation?
Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.