Achira News Logo
Achira News

तहलका के संस्थापक तरुण तेजपाल को 2013 के बलात्कार मामले में दोषी ठहराया गया, राजनीतिक उत्पीड़न का दावा किया

ABP News
तहलका के संस्थापक तरुण तेजपाल को 2013 के बलात्कार मामले में दोषी ठहराया गया, राजनीतिक उत्पीड़न का दावा किया
Full News
Share:

तहलका के संस्थापक और पूर्व संपादक तरुण तेजपाल ने 2013 के दुष्कर्म मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट से दोषी ठहराए जाने के बाद खुद को राजनीतिक प्रताड़ना का शिकार बताया. अदालत ने उन्हें 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है. फैसले के बाद तेजपाल ने कहा कि जिस तरह उमर खालिद, शरजील इमाम और सुरेंद्र गडलिंग वर्षों से जेल में हैं, उसी तरह उन्हें भी निशाना बनाया गया है. फैसले के बाद पत्रकारों से बातचीत में तरुण तेजपाल ने कहा कि उनके खिलाफ कार्रवाई सबूतों के आधार पर नहीं, बल्कि राजनीतिक दुर्भावना के कारण की गई है. उन्होंने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि पिछले 13 वर्षों से वे मेरे पीछे पड़े हैं, क्योंकि मैंने तहलका में जो पत्रकारिता की, उससे कुछ राजनीतिक और दूसरे हित प्रभावित हुए थे. तेजपाल ने कहा कि निचली अदालत ने वर्षों तक चली सुनवाई के बाद उन्हें बरी कर दिया था, लेकिन अब फिर से उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है. गोवा स्थित बॉम्बे हाई कोर्ट की पीठ ने गुरुवार को 2021 में सत्र अदालत द्वारा दिए गए बरी किए जाने के फैसले को पलट दिया. हाई कोर्ट ने तरुण तेजपाल को भरोसे या अधिकार की स्थिति का दुरुपयोग कर दुष्कर्म करने, यौन उत्पीड़न और महिला के कपड़े उतारने के इरादे से हमला करने से जुड़े आरोपों में दोषी ठहराया. दोषी ठहराए जाने के तुरंत बाद तेजपाल ने कहा कि वह इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएंगे. उन्होंने कहा कि हम इस आदेश के खिलाफ अपील करेंगे. हमें लगता है कि यह फैसला गलत है. हम इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देंगे. उन्होंने कहा कि उमर खालिद, शरजील इमाम और सुरेंद्र गडलिंग कई वर्षों से जेल में हैं. मुझे लगता है कि मैं भी उन्हीं में से एक हूं. तरुण तेजपाल ने आरोप लगाया कि सत्ता के खिलाफ लिखने या बोलने वालों के साथ चुनिंदा तरीके से कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि जो लोग उनके साथ हैं, उन्हें बरी कर दिया जाता है. लेकिन जिन्होंने उनके खिलाफ पत्रकारिता की या उनके खिलाफ कुछ कहा, उनके पीछे पड़ जाते हैं. इस मामले ने उनका पूरा पेशेवर जीवन प्रभावित किया है. उन्होंने कहा कि उन्होंने मेरी पत्रकारिता रोक दी, तहलका को बंद कर दिया और मेरी किताबों का प्रकाशित होना भी रुक गया. हालांकि उन्होंने भरोसा जताया कि अंततः न्यायपालिका उन्हें न्याय देगी. सजा तय किए जाने के दौरान तरुण तेजपाल ने अदालत से नरमी बरतने की अपील की. उन्होंने कहा कि उनकी उम्र 62 वर्ष है और उनकी दो बेटियां हैं, इसलिए सजा तय करते समय इस बात पर विचार किया जाए. गोवा सरकार की ओर से अदालत में पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने सजा में किसी तरह की नरमी का विरोध किया. उन्होंने अदालत से कहा कि ऐसा संदेश जाना चाहिए कि ना का मतलब ना होता है. आशुतोष प्रताप सिंह ABP न्यूज डिजिटल में कार्यरत हैं. वे न्यूज़ टीम का हिस्सा हैं और राजनीति, खेल, राष्ट्रीय घटनाक्रम, चुनाव, सामाजिक मुद्दों और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों पर विशेष रूप से लिखते हैं. समाचारों को सरल, तथ्यपरक और पाठकों के लिए सहज भाषा में प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का प्रमुख हिस्सा है. उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के मूल निवासी आशुतोष प्रताप सिंह पिछले करीब 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्यूनिकेशन से रेडियो एवं टीवी जर्नलिज्म में ग्रेजुएशन डिप्लोमा किया है. समाचार लेखन के अलावा उन्हें घूमने, नई जगहों को जानने और फोटोग्राफी का विशेष शौक है. राजनीतिक और खेल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि रही है, जिसके चलते इन विषयों पर निरंतर लेखन और विश्लेषण करते रहे हैं.

Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: ABP News

Want to join the conversation?

Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.