पश्चिमी दिल्ली के रणहौला थाना इलाके के विकास नगर इलाके में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. यहां एक शख्स गली पर गिरा था. वो तड़प रहा था. तभी दो स्कूटी सवार युवक वहां से गुजरे. शख्स को देख वो वहां रुके. एक युवक स्कूटी से उतरा. तड़प रहे शख्स की मदद करने के बजाय वो उसका मोबाइल उठाकर ले गया. वापस लौटा और जेब भी टटोलने लगा. लेकिन जैसे ही उसकी नजर सीसीटीवी पर पड़ी, वो दोस्त के साथ वहां से रफूचक्कर हो गया. शनिवार तड़के करीब 4 बजे के आसपास एक शख्स अचानक सड़क पर चक्कर खाकर गिर पड़ा और तड़पने लगा. सीसीटीवी फुटेज में ऐसा लग रहा है कि उसे दिल का दौरा या मिर्गी का दौरा पड़ा था. इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो युवक वहां पहुंचे. स्कूटी पर पीछे बैठा युवक उतरा और सड़क पर बेसुध पड़े शख्स का मोबाइल फोन उठाकर चला गया. कुछ कदम आगे बढ़ने के बाद वह वापस लौटा और उसकी जेब की तलाशी लेने लगा. जब जेब से कुछ नहीं मिला तो वो फिर से जाने लगा. तभी उसकी नजर पास में लगे सीसीटीवी कैमरे पर पड़ गई. उस वक्त जमीन पर पड़ा शख्स लगातार तड़प रहा था. कैमरा देख दोनों युवक मौके से फरार हो गए. इसके बाद वह शख्स कई घंटों तक सड़क पर ही पड़ा रहा और उसकी मौत हो गई. सुबह शव देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी बताया जा रहा है कि सुबह करीब 8 बजे जब इलाके के लोग बाहर निकले तो उन्होंने सड़क पर शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा असली वजह का खुलासा दिल्ली पुलिस का कहना है कि मृतक के शरीर पर किसी तरह के मारपीट या असॉल्ट के निशान नहीं मिले हैं. मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद साफ होगी. वहीं, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर स्कूटी सवार युवकों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है. देखा जाए तो ये घटना दिखाती है कि आज की तारीख में इंसानियत नाम की चीज ही लोगों में जैसे मर सी गई है. युवक चाहते तो उस शख्स को अस्पताल पहुंचा सकते थे. हो सकता था कि उसकी जान बच जाती. मगर पैसे और मोबाइल के लालच में वो इंसानियत भूल गए.
दिल्ली के स्कूटर सवार युवाओं ने फंसे हुए व्यक्ति की मदद करने के बजाय फोन को प्राथमिकता दी
TV9 Hindi•

Full News
Share:
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: TV9 Hindi
Want to join the conversation?
Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.