Achira News Logo
Achira News

दिवाली नेत्र स्वास्थ्य जोखिमः विशेषज्ञों ने संभावित नुकसान की चेतावनी दी

India TV•
दिवाली नेत्र स्वास्थ्य जोखिमः विशेषज्ञों ने संभावित नुकसान की चेतावनी दी
Full News
Share:

दिवाली रोशनी और खुशियों का त्योहार है। घरों की सजावट, रंग बिरंगे दीये और लाइट की जगमगाहट रहती है। लेकिन त्योहार की खुशी में आंखों की सेहत को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। पटाखों का धुआं और बुरादा आंखों में जलन और परेशानी पैदा कर सकता है। कई बार लोग इसे हल्की परेशानी मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। जबकि ये ग्लूकोमा और डायबिटिक रेटिनोपैथी जैसी बीमारियों का शुरुआती लक्षण हो सकता है। जिससे आंखों की रोशनी को नुकसान पहुंच सकता है। प्रोफेसर डॉक्टर महिपाल सिंह सचदेव (चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर, सेंटर फॉर साइट ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स, नई दिल्ली ) के मुताबिक दिवाली के दौरान आंखों की सेहत का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। पटाखों का धुआं और धूल आंखों में जलन और एलर्जी की परेशानी बढ़ा सकते हैं। वहीं त्योहारों में इस्तेमाल होने वाला मेकअप और कॉन्टैक्ट लेंस भी सही तरीके से इस्तेमाल न करने पर आंखों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसलिए आंखों की नियमित जांच कराना जरूरी है, खासकर डायबिटीज से पीड़ित लोगों को इसमें लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। आंखों की सेहत पर रोजमर्रा की आदतों का भी असर पड़ता है। मोबाइल फोन, कंप्यूटर और टीवी की स्क्रीन को लंबे समय तक देखने से आंखों में थकान और सूखापन हो सकता है। बीच-बीच में स्क्रीन से नजर हटाना, बार-बार पलकें झपकाना और स्क्रीन को उचित दूरी पर रखना फायदेमंद है। त्योहारों के दौरान देर रात तक जागने और व्यस्त दिनचर्या के बीच पर्याप्त नींद लेना भी जरूरी है। आंखों की साफ-सफाई का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है। बिना हाथ धोए आंखों को छूने, मेकअप का सामान दूसरों के साथ शेयर करने या एक्सपायर हो चुके कॉस्मेटिक सामानों का इस्तेमाल करने से जलन और इन्फेक्शन का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए सोने से पहले आंखों का मेकअप हटा देना चाहिए। कॉन्टैक्ट लेंस इस्तेमाल करने वालों को उनकी सफाई का ध्यान रखना चाहिए। आंखों में परेशानी होने पर बिना डॉक्टर की सलाह के आई ड्रॉप्स का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। आंखों में लालिमा, दर्द, लगातार पानी आना या नजर में बदलाव होने पर इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। कई बार लोग घरेलू नुस्खे अपनाते रहते हैं या इस उम्मीद में डॉक्टर के पास जाने में देर कर देते हैं कि परेशानी अपने आप ठीक हो जाएगी। हालांकि, अचानक नजर धुंधली होना या चली जाना, तेज दर्द या आंख में चोट लगना गंभीर समस्या के संकेत हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए। डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर से पीड़ित लोगों के साथ-साथ पहले से आंखों की बीमारी से जूझ रहे लोगों को नियमित जांच का ध्यान रखना चाहिए। डायबिटीज की वजह से आंखों के पर्दे यानि रेटिना की नसों को नुकसान पहुंच सकता है और शुरुआती दौर में इसके लक्षण भी दिखाई नहीं देते। डॉक्टर की सलाह के अनुसार आंखों की जांच कराना और दूसरी स्वास्थ्य समस्याओं को नियंत्रण में रखना नजर से जुड़ी गंभीर जटिलताओं का खतरा कम करने में मदद कर सकता है। Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)

Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: India TV

Want to join the conversation?

Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.