Achira News Logo
Achira News

पाकिस्तान के सैन्य नेता ने आंतरिक संकट के बीच वैश्विक महत्वाकांक्षा व्यक्त की

DNA Hindi
पाकिस्तान के सैन्य नेता ने आंतरिक संकट के बीच वैश्विक महत्वाकांक्षा व्यक्त की
Full News
Share:

एक तरफ पाकिस्तान के फील्ड मार्शल और सेना प्रमुख आसिम मुनीर देश को इंटरनेशनल मंच पर बड़े खिलाड़ी के तौर पर दिखाने में जुटे हैं, दूसरी तरफ पाकिस्तान की आंतरिक हालत बद से बदतर होती जा रही है. मौजूदा हालात को लेकर पाकिस्तान की प्रख्यात लेखिका आयशा सिद्दिका ने कहा है कि आसिम मुनीर के मन में सिंगापुर के ली कुआन यू बनने का सपना चल रहा है. लेकिन वह अल सीसी, गद्दाफी और ईदी अमीन से ज्यादा कुछ नहीं बन सकते. आयशा सिद्दिका ने ये भी कहा है कि मुनीर की पाकिस्तान को हार्ड स्टेट बनाने की नीति देश को तोड़ सकती है. पाकिस्तान की सेना और उसके देश पर कब्जे को लेकर कई किताबें लिख चुकीं आयशा सिद्दिका ने यूट्यूब चैनल द पाकिस्तान फाइल्स पर एक बातचीत के दौरान ये बातें कहीं. आयशा सिद्दिका ने कहा कि पाकिस्तान में कई अलग-अलग तरह के लोग रहते हैं. अगर सबकी बातों को दरकिनार कर केवल दमन और क्रूरता का सहारा लिया जाएगा तो पाकिस्तान के लिए बेहद मुश्किल हालात खड़े हो जाएंगे. बलोचिस्तान में जारी विद्रोह और हिंसा को लेकर आयशा सिद्दिका ने कहा कि ये पूरा मामला पाकिस्तान ने खुद बिगाड़ा है. उन्होंने कहा, "ब्रिटिश राज के दौरान भी बलोचिस्तान अपने आंतरिक मसले खुद देखता था. वहां ट्राइबल सिस्टम है, सरदारी निजाम है. बलोचिस्तान का मामला इतना बड़ा नहीं था. लेकिन हमने अपनी जंगों से इसे बड़ा कर दिया है. जिस जनता को सरदारों से अलग कर के उनसे बात की जा सकती थी, आपने उनको भी पहाड़ों पर धकेल दिया है. जब किसी के घर के सदस्य को आप उठाएंगे तो यही होगा." खैबर पख्तूनवा पर आयशा सिद्दिका ने कहा, "केपी में नौजवानों का यही कहना है कि किसी को गिरफ्तार को करो तो संवैधानिक तरीके से उसे अदालत में पेश करो. लेकिन उठा के लोगों को मार देना और गायब कर देना नहीं चलेगा. तालिबान को आप लाए, आपने बसाया, ये आपकी पॉलिसी थी. जो हो रहा है, वो क्यों हो रहा है इसके लिए जरा अपनी पॉलिसी की तरफ भी देखें." आसिम मुनीर को लेकर आयशा सिद्दिका ने कहा कि ये भी पाकिस्तान के बाकी सेना प्रमुखों की तरह ही है. इन लोगों को लगता है कि हम सबकुछ जानते हैं और सबकुछ कर सकते हैं. इन्हें लगता है कि इनसे बेहतर पाकिस्तान की कोई सोच नहीं सकता. आसिम मुनीर अपनी इंटरनल बेस को जियो पोलिटिकल सपोर्ट के दम पर मजबूत करना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में अब संवैधानिक सैन्य शासन है जिसमें सेना बिना तख्तापलट किए ही देश चला रही है.

Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: DNA Hindi

Want to join the conversation?

Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.