पश्चिम एशिया में तनाव के बीच सऊदी अरब, यमन और ईरान से जुड़ी कई अहम घटनाएं सामने आई हैं. सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने दावा किया है कि उसकी एयर डिफेंस ने मदीना की ओर दागी गई हूतियों की बैलिस्टिक मिसाइल को हवा में ही रोककर नष्ट कर दिया. वहीं, यमन में सरकारी बलों और हूतियों के बीच भीषण लड़ाई की खबर है. दूसरी ओर, ईरान की नौसेना ने दावा किया है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में एक तेल टैंकर नौसैनिक बारूदी सुरंग से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गया. सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रवक्ता कर्नल तुर्की अल-मलिकी ने कहा कि गठबंधन की एयर डिफेंस ने हूतियों की ओर से मदीना क्षेत्र की तरफ दागी गई बैलिस्टिक मिसाइल को इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया. इससे पहले सऊदी अरब की सिविल डिफेंस ने लाल सागर के पास मदीना प्रांत के यानबू गवर्नरेट के लिए कुछ समय के लिए चेतावनी जारी की थी. यमन के लाहिज गवर्नरेट में अल-मकतरा मोर्चे पर सरकारी बलों और हूतियों के बीच भीषण लड़ाई शुरू होने की खबर है. सरकारी बलों ने दावा किया है कि उन्होंने इस संघर्ष में हूतियों के सैन्य वाहनों और लड़ाकों को निष्क्रिय कर दिया है. यमन के ताइज में भी हालात बिगड़ने की खबर है. यहां गोलाबारी और हूतियों की घेराबंदी के चलते मानवीय संकट गहराता जा रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, इस हिंसा में महिलाओं और बच्चों समेत कई आम नागरिकों की मौत हुई है. यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार के बलों ने ताइज के अल-अकुरुद मोर्चे पर हूतियों के बड़े हमले को नाकाम करने का दावा किया है. सरकारी बलों के मुताबिक, लड़ाई हमाह, अल-कुरैफ, रास अल-नकील और अल-कहफा समेत कई इलाकों तक फैल गई. उन्होंने दावा किया कि इसमें हूती लड़ाके मारे गए या घायल हुए. साथ ही काहलान और साब्र मोर्चों पर आगे बढ़ने की बात भी कही गई है. हूतियों की ओर से इन दावों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई. ईरान की नौसेना ने दावा किया है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में एक तेल टैंकर नौसैनिक बारूदी सुरंग से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गया. ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम के मुताबिक, नौसेना ने कहा कि टैंकर होर्मुज के पूर्व में एक असुरक्षित इलाके से गुजर रहा था. ईरानी अधिकारियों ने आरोप लगाया कि जहाज ने अपने डिटेक्शन और नेविगेशन सिस्टम बंद कर रखे थे. ईरान ने जहाज मालिकों को चेतावनी देते हुए कहा है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज असुरक्षित है और बिना समन्वय के गुजरने की कोशिश करने वाले गैरकानूनी जहाजों के लिए बंद है.
पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ रहा हैः मिसाइल अवरोधन, भीषण लड़ाई और नौसेना की घटना
Aaj Tak•

Full News
Share:
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: Aaj Tak
Want to join the conversation?
Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.