पश्चिम बंगाल के CM शुभेंदु अधिकारी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व सीएम ममता बनर्जी और TMC पर बेहद तीखा और आक्रामक हमला बोला है. उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि ममता बनर्जी का समर्थन करना सीधे तौर पर मोहम्मद अली जिन्ना के उस विभाजनकारी सपने को पूरा करने के समान है, जिसके तहत वे बंगाल को भारत से अलग करना चाहते थे. संबोधन की शुरुआत में शुभेंदु अधिकारी ने 1947 के देश के बंटवारे के ऐतिहासिक पन्नों को पलटा. उन्होंने कहा कि जब देश का विभाजन हो रहा था, तब मुस्लिम लीग के अध्यक्ष मोहम्मद अली जिन्ना की नजरें 'अखंड बंगाल' और पूर्वी पाकिस्तान पर थीं. जिन्ना चाहते थे कि पूरा बंगाल पाकिस्तान का हिस्सा बने. शुभेंदु अधिकारी ने याद दिलाया कि उस गंभीर समय में देश के कई कांग्रेसी नेता जहां असमंजस में थे. वहीं भारत सेवाश्रम संघ के संस्थापक स्वामी प्रणवानंद महाराज और महान राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने इसके खिलाफ कड़ा रुख अपनाया था. उन्होंने बंगाल को बचाने के लिए एक विशाल हस्ताक्षर अभियान शुरू किया. CM शुभेंदु ने आगे कहा कि 20 जून 1947 को बंगाल की तत्कालीन असेंबली में हुए मतदान में हिंदू विधायकों ने भारत के पक्ष में वोट किया, जिसके बाद पश्चिम बंगाल भारत का हिस्सा बन सका. उन्होंने कहा कि आज टीमएसी उसी इतिहास और राष्ट्रवाद से दूर जा रही है. CM शुभेंदु ने ममता बनर्जी और टीएमसी पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति के कारण पश्चिम बंगाल की डेमोग्राफी तेजी से बदली जा रही थी. उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा और घुसपैठ रोकने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय बार-बार राज्य सरकार से जमीन और सहयोग मांगता था, लेकिन राजनीतिक स्वार्थ के चलते मदद नहीं की जाती थी. उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर समय रहते डेमोग्राफी में आ रहे इस खतरनाक बदलाव को नहीं रोका गया, तो पश्चिम बंगाल को 'ग्रेटर बांग्लादेश' बनने से कोई नहीं रोक सकता. उन्होंने साफ शब्दों में कहा, "ममता बनर्जी को सपोर्ट करना और मोहम्मद अली जिन्ना का सपना पूरा करना, ये दोनों बातें एक ही हैं. राज्य की पिछली व्यवस्था पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उस शासनकाल में लगातार सनातन संस्कृति और पर्वों का अपमान किया गया. उन्होंने अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण और महाकुंभ जैसे पवित्र आयोजनों के समय पिछली सरकार और उसके नुमाइंदों द्वारा दिए गए अमर्यादित बयानों का भी जिक्र किया. CM शुभेंदु ने कहा कि सनातन विरोधी सोच रखने वाली ताकतों को बंगाल की जागरूक जनता ने अब पूरी तरह नकार दिया है. अपने राजनीतिक संघर्ष और भवानीपुर विधानसभा चुनाव को याद करते हुए उन्होंने कहा कि तमाम बाधाओं के बावजूद राष्ट्रवादी जनता और कार्यकर्ताओं ने जो साथ दिया, उसी का परिणाम है कि आज राज्य में डबल इंजन की राष्ट्रवादी सरकार स्थापित हुई है. मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि वर्तमान सरकार राज्य में महिलाओं की सुरक्षा, कानून व्यवस्था, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, और सुशासन को प्राथमिकता देते हुए पश्चिम बंगाल को विकास के मार्ग पर मजबूती से आगे बढ़ा रही है. उन्होंने राष्ट्रविरोधी ताकतों का पूरी तरह सफाया करने और बंगाल की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक गौरव को दोबारा स्थापित करने का संकल्प दोहराया.
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी की आलोचना की, उनकी तुलना मोहम्मद अली जिन्ना से की
Aaj Tak•

Full News
Share:
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: Aaj Tak
Want to join the conversation?
Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.