Aaj ka Mausam:उत्तर भारत सहित देश के कई हिस्सों में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा बुलेटिन के अनुसार, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी और बारिश का दौर शुरू हो गया है, जबकि उत्तर प्रदेश जैसे मैदानी राज्यों में ओलावृष्टि और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 3 फरवरी को काफी व्यापक स्तर पर वर्षा और हिमपात होने की संभावना है। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली कड़कने के आसार हैं। राहत की बात यह है कि 4 फरवरी को इसमें कुछ कमी आएगी, लेकिन 5 और 6 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देगा, जिससे फिर से इन क्षेत्रों में छिटपुट बारिश और बर्फबारी शुरू हो जाएगी। मैदानी इलाकों की बात करें तो पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए मौसम विभाग ने विशेष चेतावनी जारी की है। यहां 3 फरवरी को अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि होने की प्रबल संभावना है। इसके अलावा, पूरे उत्तर प्रदेश में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फसलों को ओलावृष्टि से बचाने के लिए उचित उपाय करें। अगले कुछ दिनों तक सुबह और रात के समय घने कोहरे से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में 4 फरवरी तक 'घने से बहुत घना' कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं, राजस्थान, मध्य प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में भी 5-6 फरवरी तक घना कोहरा यातायात और विमान सेवाओं को प्रभावित कर सकता है। अगले 7 दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। पंजाब के भटिंडा में देश के मैदानी इलाकों का सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.6°C दर्ज किया गया है। कर्नाटक के कारवार में सबसे अधिक तापमान 36.2°C दर्ज किया गया। महाराष्ट्र में अगले 48 घंटों में तापमान में 2-3°C की वृद्धि देखी जा सकती है। दक्षिण भारत की बात करें तो लक्षद्वीप में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि कोमोरिन क्षेत्र में 35-45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के कारण मछुआरों को सावधानी बरतने को कहा गया है।
पश्चिमी विक्षोभ के बीच उत्तर भारत में भारी बर्फबारी, बारिश और ओलावृष्टि की आशंका
Live Hindustan•

Full News
Share:
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: Live Hindustan
Want to join the conversation?
Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.