Achira News Logo
Achira News

फ्रांसीसी प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर मार्च किया, पुलिस के साथ झड़प

Aaj Tak•
फ्रांसीसी प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर मार्च किया, पुलिस के साथ झड़प
Full News
Share:

फ्रांस में गुरुवार को दिनभर सड़कों पर प्रदर्शन हुआ, लेकिन रात को पेरिस के नेशन स्क्वायर पर अलग ही नजारा दिखा. यहां रंग-बिरंगी झांकियां निकाली गईं. आसमान में जलती मशालों के साथ रोशनी छोड़ने वाले फ्लेयर्स चमकते नजर आए. यह सब उस दिन हुआ, जब फ्रांस के कई शहरों में छात्र, कर्मचारी और आम लोग अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे थे. कुछ जगहों पर प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प भी हुई. गुरुवार (5 नवंबर) को पेरिस के नेशन स्क्वायर पर झांकियों और मशालों के साथ लोगों की भीड़ जुटी. दिनभर चले विरोध प्रदर्शनों के बीच रात का यह नजारा चर्चा में रहा. हालांकि, प्रदर्शन के दौरान हर जगह माहौल शांत नहीं रहा. पेरिस और लियोन में कुछ प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प हुई. प्रदर्शन खत्म होने के दौरान कुछ लोगों ने आग भी लगा दी, जिसे अधिकारियों ने बुझाया. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, फ्रांस के गृह मंत्रालय ने बताया कि देशभर में हुए प्रदर्शनों में करीब 6 लाख लोग शामिल हुए. वहीं, प्रदर्शन आयोजित करने वाली यूनियनों में से एक CGT ने दावा किया कि इसमें 16 लाख लोगों ने हिस्सा लिया. दोनों के आंकड़ों में बड़ा अंतर है. ये प्रदर्शन राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की सरकार पर दबाव बढ़ाने के लिए किए गए. कुछ सरकारी कर्मचारियों ने एक दिन की हड़ताल भी की थी. फ्रांस में यह आंदोलन सिर्फ छात्रों तक सीमित नहीं है. लोग बढ़ती महंगाई, कम वेतन और शिक्षा के लिए कम बजट को लेकर नाराज हैं. छात्रों की मांग है कि स्कूलों में बेहतर सुविधाएं मिलें और शिक्षा पर ज्यादा पैसा खर्च किया जाए. वहीं, कर्मचारी वेतन और पेंशन बढ़ाने की मांग कर रहे हैं. यह आंदोलन सितंबर में एक हाईस्कूल में कर्मचारियों की कमी के विरोध से शुरू हुआ था. पहले छात्र स्कूलों की हालत सुधारने और शिक्षा के लिए ज्यादा बजट देने की मांग कर रहे थे. धीरे-धीरे कर्मचारी भी उनके साथ जुड़ गए. अब यह विरोध देश के कई शहरों तक पहुंच चुका है. प्रदर्शन और हड़ताल का असर स्कूलों पर भी पड़ा. फ्रांस के करीब एक तिहाई हाईस्कूल बंद रहे या सामान्य तरीके से काम नहीं कर सके. कुछ जगह छात्रों ने स्कूलों के रास्ते रोके, जबकि कई स्कूलों में शिक्षक हड़ताल पर रहे. कुछ इलाकों में सार्वजनिक परिवहन भी प्रभावित हुआ. पेरिस का एफिल टावर भी गुरुवार को बंद रहा. इस आंदोलन में छात्रों के साथ कर्मचारी और रिटायर हो चुके लोग भी शामिल हुए. उनकी मांग है कि रोजमर्रा की चीजों के बढ़ते दाम के बीच आम लोगों की कमाई भी बढ़नी चाहिए. इसी नाराजगी के चलते फ्रांस में विरोध प्रदर्शन जारी हैं.

Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: Aaj Tak

Want to join the conversation?

Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.