उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने जहां जनजीवन और चारधाम यात्रा को प्रभावित किया है, वहीं बदरीनाथ धाम से सामने आई तस्वीरें आस्था की एक अलग ही मिसाल पेश कर रही हैं.चमोली जिले में अलकनंदा नदी पूरे उफान पर है और हेलंग के पास भूस्खलन के कारण बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग भी प्रभावित हुआ है. इसके बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु बारिश और ठंड की परवाह किए बिना भगवान बद्री विशाल के दर्शन के लिए धाम पहुंच रहे हैं. बदरीनाथ धाम में लगातार बारिश हो रही है. मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में ठंडी हवाओं के बीच श्रद्धालु रेनकोट, छाते और गर्म कपड़ों के सहारे दर्शन के लिए कतारों में खड़े दिखाई दे रहे हैं. लगातार खराब मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिख रही है. हर कोई भगवान बद्री विशाल के दर्शन कर अपनी यात्रा को सफल बनाने की इच्छा के साथ आगे बढ़ रहा है. लगातार बारिश के कारण अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ गया है और नदी तेज वेग से बह रही है. वहीं हेलंग क्षेत्र में भूस्खलन के चलते यात्रा मार्ग पर भी असर पड़ा है. ऐसे में प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके. प्रशासन ने चारधाम यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम और सड़क मार्ग की ताजा जानकारी अवश्य प्राप्त करें. खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और केवल प्रशासन की सलाह के अनुसार ही आगे बढ़ें. यात्रियों से संवेदनशील क्षेत्रों में रुकने से बचने और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है. बदरीनाथ धाम से सामने आ रही तस्वीरें यह संदेश दे रही हैं कि मौसम की कठिन परिस्थितियां भी श्रद्धालुओं की आस्था को डिगा नहीं पा रही हैं. एक ओर उफनती अलकनंदा, लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और चुनौतीपूर्ण हालात हैं, तो दूसरी ओर भगवान बद्री विशाल के दर्शन के लिए उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब. उत्तराखंड की चारधाम यात्रा में आस्था और विश्वास की यही तस्वीरें हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं को हिमालय की गोद तक खींच लाती हैं. अतुल चौहान को पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 35 वर्षों का अनुभव है. एबीपी न्यूज़ के साथ 17 सालों से जुड़े हैं और उत्तराखंड की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. इससे पहले एएनआई समेत अन्य बड़े संस्थानों से जुड़े रहे हैं. वे कुमाऊं रीजन, उत्तराखंड के ब्यूरो चीफ रहे और क्षेत्रीय पत्रकारिता को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अतुल चौहान ने तीन दशक से अधिक के पत्रकारिता जीवन में राजनीति, प्रशासन, आपदा, विकास, सामाजिक सरोकार, चुनाव, अपराध और जनहित के अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर रिपोर्टिंग की है. मेल आईडी- atul.media@gmail.com
बद्रीनाथ धामः भगवान बद्री विशाल तक पहुंचने के लिए श्रद्धालु मौसम की स्थिति को दरकिनार करते हैं
ABP News•

Full News
Share:
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: ABP News
Want to join the conversation?
Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.