Bihar Mausam: बिहार में अगले दो दिन मौसम बिगड़ा हुआ रहेगा। शुक्रवार को कई जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी है। वहीं, मधुबनी, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, भागलपुर और बांका में ओलावृष्टि के आसार हैं। मौसम विभाग ने इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, प्रदेश भर में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का पूर्वानुमान है। शुक्रवार को अन्य सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा। आंधी और बारिश के कारण दो दिनों के दौरान बिहार के अधिकतम तापमान में 2 से 4 और न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट के आसार हैं। इससे लोगों को गर्मी से आंशिक तौर पर राहत मिलेगी। वहीं, 21 मार्च को भी कुछ जिलों में मौसम बिगड़ा रहेगा। चंपारण, सारण, भोजपुर और यूपी से सटे जिलों को छोड़ अन्य सभी जगहों पर तेज हवाओं के साथ वज्रपात की आशंका बनी रहेगी। मौसम विभाग ने पटना, मुजफ्फरपुर, गयाजी, भागलपुर, पूर्णिया, दरभंगा समेत 27 जिलों में शनिवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। बिहार के कई जिलों में गुरुवार को 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। इस दौरान सबसे तेज रफ्तार से मधुबनी में 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। वहीं प्रदेश के ज्यादातर शहरों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। राज्य का अधिकतम तापमान 29.9 से 36.9 और न्यूनतम तापमान 15.6 से 23.9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। इस दौरान सबसे अधिक तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस कैमूर के भभुआ में और सबसे कम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस औरंगाबाद में दर्ज किया गया। प्रदेश की राजधानी में अगले दो दिनों तक बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। शुक्रवार को जिले में आंशिक तौर पर बादल छाया रहेगा। इस दौरान एक-दो जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं शनिवार को जिले में घने बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है। साथ ही गरज-चमक के साथ एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है। गुरुवार को पटना के अधिकतम तापमान में 0.1 और न्यूनतम में 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। पटना का अधिकतम तापमान 34.0 और न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (पटना से हिन्दुस्तान प्रतिनिधि की रिपोर्ट)
बिहार में शुक्रवार को आंधी और ओलावृष्टि की संभावना
Live Hindustan•

Full News
Share:
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: Live Hindustan
Want to join the conversation?
Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.