जोधपुर के साल 1998 के चर्चित काला हिरण शिकार प्रकरण पर आधारित फिल्म काला हिरण एक बार फिर सुर्खियों में है. इस बार वजह फिल्म की कहानी नहीं, बल्कि इसके निर्देशक अमित जानी को मिली कथित जान से मारने की धमकियां हैं. निर्देशक ने जोधपुर के रातानाडा थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उन्हें पाकिस्तान से व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए लगातार धमकियां दी जा रही हैं. शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. रातानाडा थाना अधिकारी दिनेश लखावत ने बताया कि अमित जानी की ओर से दी गई शिकायत में कहा गया है कि उन्हें एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल प्राप्त हुआ. कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम शहजाद भट्टी बताया और फिल्म काला हिरण के निर्माण कार्य से दूर रहने की चेतावनी दी. शिकायत के अनुसार कॉलर ने गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि कॉल की सत्यता, कॉल करने वाले की वास्तविक पहचान, कॉल की लोकेशन और धमकी के पीछे की मंशा की जांच की जा रही है. साइबर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल की जा रही है. अमित ने अपनी शिकायत में सुरक्षा की मांग भी की है. उनका कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब उन्हें इस तरह की धमकियों का सामना करना पड़ा हो. इससे पहले उनकी फिल्म उदयपुर फाइल्स के दौरान भी उन्हें धमकी भरे कॉल और संदेश मिले थे. अब काला हिरण फिल्म के निर्माण के दौरान फिर से ऐसे कॉल आने लगे हैं. निर्देशक के अनुसार फिल्म काला हिरण साल 1998 के चर्चित शिकार प्रकरण, बिश्नोई समाज के संघर्ष और लंबे समय तक चले कानूनी घटनाक्रम की पृष्ठभूमि पर आधारित है. उनका दावा है कि फिल्म में मामले से जुड़े सामाजिक, कानूनी और न्यायिक पहलुओं को दर्शाने का प्रयास किया गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म को लेकर उन पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है. फिल्म पहले से ही कानूनी विवादों के कारण चर्चा में है. अमित जानी के अनुसार फिल्म का टीजर रिलीज होने से पहले ही मामला दिल्ली हाई कोर्ट तक पहुंच गया था. फिल्म की रिलीज और प्रदर्शन को लेकर अंतिम स्थिति न्यायालय के निर्णय के बाद ही स्पष्ट होगी. 19 जून को न्यायालय में इस मामले की सुनवाई होनी है. इधर जोधपुर में दर्ज एफआईआर के बाद फिल्म एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गई है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि धमकियों के पीछे कौन है और इनके पीछे की वास्तविक वजह क्या है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है. बाइट: दिनेश लखावत, SHO रातानाडा बाइट: अमित जानी, निर्देशक एवं शिकायतकर्ता.
भारतीय फिल्म निर्देशक को पाकिस्तान से मिली जान से मारने की धमकी
ABP News•

Full News
Share:
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: ABP News
Want to join the conversation?
Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.