महोबा में सब-रजिस्ट्रार कार्यालय से दो भाइयों को जबरन कार में बैठाकर ले जाने और बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप लगा है. पीड़ितों का दावा है कि दबंगों ने सात लाख रुपये की रंगदारी मांगी और तीन लाख 90 हजार रुपये लेने के बाद छोड़ा. न्याय न मिलने पर दोनों भाइयों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की है. हालांकि पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया अगवा किए जाने के तथ्य सामने नहीं आए हैं. जानकारी के मुताबिक, यह मामला 14 सितंबर का बताया जा रहा है. खन्ना निवासी शिवशंकर सोनी अपने भाई रविशंकर, पत्नी अनीता और रिश्तेदार संत कुमारी के साथ 2100 वर्गफीट के प्लॉट की बैनामा रजिस्ट्री कराने सब-रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचे थे. पीड़ितों का आरोप है कि इसी दौरान सिरसी गांव निवासी तीन नामजद आरोपी अपने पांच अज्ञात साथियों के साथ सब-रजिस्ट्रार कार्यालय के अंदर पहुंचे. आरोप है कि दबंगों ने रजिस्ट्री रुकवाने की नीयत से शिवशंकर और रविशंकर को जबरन घसीटते हुए बाहर निकाला और कार में बैठाकर ले गए. पीड़ितों के द्वारा घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद बताई जा रही है. आरोप है कि दोनों भाइयों को हमीरपुर चुंगी स्थित राजस्थान मार्बल के सामने एक दुकान में करीब दो घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया. इस दौरान उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई. एसपी कार्यालय पहुंचे पीड़ितों का कहना है कि आरोपियों ने सात लाख रुपये की मांग की और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी. जान बचाने के लिए शिवशंकर ने खन्ना निवासी दीपक के जरिए तीन लाख 90 हजार रुपये मौके पर मंगवाकर आरोपियों को दिए. इसके बाद दोनों भाइयों को छोड़ दिया गया. आरोप है कि जाते समय आठ दिन के भीतर बाकी तीन लाख 10 हजार रुपये देने की धमकी दी गई. पीड़ितों का कहना है कि स्थानीय स्तर पर शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं हुई. इसके बाद दोनों भाइयों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर, रुपये वापस कराने और सुरक्षा की मांग की है. इस मामले को लेकर सीओ सिटी रविकांत गौड़ ने बताया कि मामला जमीन के क्रय-विक्रय से जुड़ा है. प्रथम दृष्टया अगवा किए जाने के तथ्यों की पुष्टि नहीं हुई है. सभी आरोपों और तथ्यों की जांच कराई जा रही है और जांच के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी.
महोबा में उप-पंजीयक कार्यालय में भाइयों का अपहरण, जबरन वसूली की मांग की
ABP News•

Full News
Share:
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: ABP News
Want to join the conversation?
Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.