UP News: यूपी में मुजफ्फरनगर के नगर पालिका खतौली में मंगलवार को ईओ से अभद्रता को लेकर पांच घंटे तक जमकर बवाल हुआ। कांग्रेस नेता के घर में कूड़ा भर दिया। सफाई कर्मचारियों की पुलिस से नोकझोंक हुई। महिलाओं ने भी नारेबाजी की। पुलिस ने जब कर्मचारी यूनियन के जिलाध्यक्ष को हिरासत में लिया तो हंगामा और बढ़ गया। मामले की शुरुआत कांग्रेस नेता को चार लाख के बकाए का नोटिस देने से हुई। पुलिस ने कांग्रेस नेता को हिरासत में लिया है। सोमवार को नगर पालिका कर्मचारी मुकीम और मोहित, कांग्रेस नेता जमील अंसारी के घर पर दुकानों के किराए का करीब चार लाख रुपये बकाए का नोटिस लेकर पहुंचे। आरोप है कि नोटिस लेने के बाद जमील अंसारी ने कर्मचारियों से अभद्रता कर दी और ईओ राजीव कुमार से फोन पर गाली-गलौज कर दी। कांग्रेस नेता की अभद्रता से पालिका कर्मचारियों में रोष फैल गया। आक्रोशित सफाई कर्मचारियों ने नगर का कूड़ा कांग्रेस नेता जमील अंसारी के घर भर दिया। कूड़ा डालने की सूचना पर दरोगा और सिपाही मौके पर पहुंचे। दरोगा ने कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद और बढ़ गया। कर्मचारियों ने नगर पालिका पहुंचकर हंगामा कर दिया। सूचना पर कोतवाल पुलिस फोर्स के साथ नगर पालिका पहुंचे। यूनियन जिलाध्यक्ष सुधीर ने दरोगा पर अभद्रता का आरोप लगाया। पुलिस और सफाई कर्मचारियों में नोकझोंक शुरू हो गई। विवाद बढ़ता देख पुलिस जिलाध्यक्ष व एक कर्मचारी को हिरासत में लेकर पैदल कोतवाली तक पहुंची। दोनों को हिरासत में लेने के बाद महिलाओं ने हंगामा कर नारेबाजी कर दी। करीब पांच घंटे तक हंगामा चलता रहा। नगर पालिका चेयरमैन शाहनवाज लालू, पालिका ईओ राजीव कुमार और कोतवाल दिनेश बघेल की कर्मचारियों के साथ घंटों वार्ता हुई। वहीं कुछ देर हिरासत में लेने के बाद पकड़े गए दोनों कर्मचारियों को छोड़ दिया गया। घंटों चली वार्ता के बाद कर्मचारी यूनियन जिलाध्यक्ष सुधीर ने कहा कि जिस तरह पुलिस ने सफाई कर्मचारियों से अभद्रता की है वो गलत है। पुलिस वर्दी का रौब न दिखाए, हम भी किसी से कम नहीं हैं। अगर, अगली बार किसी कर्मचारी के साथ अभद्रता की गई तो कोतवाली में इसी तरह से कूड़ा भरा जाएगा। कर्मचारियों ने कहा कि दो दिन में दरोगा पर कार्रवाई नहीं होती है तो तीसरे दिन नगर पालिका में सफाई कर्मचारियों की बैठक होगी और इस बार मंडल स्तर पर सफाई कर्मचारी एकत्र होंगे। कांग्रेस नेता जमील अंसारी का कहना है कि वर्षों पूर्व नगर पालिका मार्केट में बनी दुकानों की छत पालिका से किराए पर ली थी। छत पर जाने के लिए पालिका को रास्ता दिलाए जाने के लिए कई बार शिकायती पत्र दिया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। सोमवार को जब पालिका कर्मचारी नोटिस लेकर पहुंचे तो उनसे कहा कि पालिका ने जो नोटिस दिया है वो गलत है। जिस छत को किराए पर लिया है, जब उस पर जाने का रास्ता नहीं है तो किराया क्यों दें। इसी को लेकर विवाद हुआ। खतौली नगर पालिका परिषद ईओ राजीव कुमार ने बताया कि कर्मचारी जब नोटिस लेकर पहुंचे तो जमील अंसारी ने उनके साथ अभद्रता की। साथ ही फोन पर गाली-गलौज की। अभद्रता को लेकर आक्रोशित कर्मचारियों ने कूड़ा डाला है, जिनको समझाकर कूड़े को हटवा दिया है। सीओ खतौली रुपाली राय ने बताया कि जिसने कर्मचारियों से अभद्रता की है उस पर कार्रवाई की गई है, जिन लोगों ने उपद्रव करने का प्रयास किया उन पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यूपी नगर निगम में ईओ अनियमितता को लेकर पांच घंटे का हंगामा
Live Hindustan•

Full News
Share:
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: Live Hindustan
Want to join the conversation?
Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.