Achira News Logo
Achira News

राजनेताओं ने भारत में कथित रूप से अवैध क्रशर संयंत्र का निरीक्षण किया

Amar Ujala
राजनेताओं ने भारत में कथित रूप से अवैध क्रशर संयंत्र का निरीक्षण किया
Full News
Share:

विधायक विक्रम मंडावी और सुकमा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरीश कवासी ने बीजापुर-सुकमा सीमा पर स्थित ग्राम तुमलपाड़ पहुंचकर वहां संचालित कथित अवैध गिट्टी क्रेशर प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में स्थापित क्रेशर प्लांट के लिए न तो ग्राम सभा की सहमति ली गई और न ही पंचायत से विधिवत अनुमति प्राप्त की गई। उनका कहना है कि प्लांट बिना अनुमति के संचालित हो रहा है। दिन-रात मशीनों के संचालन से धूल प्रदूषण बढ़ रहा है, जंगलों की कटाई हो रही है और गिट्टी निकालने के लिए बारूद से ब्लास्टिंग की जा रही है, जिससे आसपास के ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों ने नेताओं से प्लांट को तत्काल बंद कराने की मांग की। विधायक विक्रम मंडावी ने आरोप लगाया कि बस्तर में अवैध उत्खनन सरकारी संरक्षण में हो रहा है और नियम-कानूनों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सवाल किया कि क्या आदिवासी क्षेत्रों में ग्राम सभा की अनुमति के बिना क्रेशर प्लांट संचालित किया जा सकता है? क्या वन क्षेत्र में वन विभाग की एनओसी के बिना ऐसा प्लांट चल सकता है? साथ ही उन्होंने पूछा कि बिना पुलिस विभाग की अनुमति या जानकारी के ब्लास्टिंग कैसे की जा रही है। मंडावी ने कहा कि यदि संबंधित विभागों से अनुमति नहीं है तो यह प्लांट किसकी अनुमति और संरक्षण में संचालित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बनने के बाद से बस्तर के खनिज संसाधनों का दोहन बढ़ा है और सरकार इस पर कार्रवाई नहीं कर रही है। सुकमा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरीश कवासी ने भी आरोप लगाया कि तुमलपाड़ में कथित तौर पर अवैध रूप से गिट्टी का उत्खनन कर बिक्री की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ग्राम सभा और पंचायत कानूनों की अनदेखी कर रही है तथा बस्तर के प्राकृतिक संसाधनों को उद्योगपतियों के हवाले करने का काम कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि क्रेशर प्लांट बंद नहीं किया गया तो कांग्रेस आंदोलन तेज करेगी। निरीक्षण के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर के अध्यक्ष लालू राठौर, जिला पंचायत सुकमा की अध्यक्ष सोयम मंगम्मा, जिला पंचायत सदस्य नीना रावतीया उद्दे, जनपद सदस्य मनोज अवलम, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश कारम, महामंत्री पुरुषोत्तम सल्लुर, वेणुगोपाल राजू, प्रवीण डोंगरे, बब्बू राठी, मुन्ना कुरसम, रामलू सोढ़ी, गुड्डू कोरसा, विनोद तालुकदार, वीरेंद्र वासम, कोसा अवलम, शंकर खटबिना, सुकदास, लक्ष्मण कोरसा, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष बबिता माडवी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अदम्मा मड़कम, ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश पोंदी, वरिष्ठ कांग्रेसी रंजू कश्यप सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, ग्रामीण और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: Amar Ujala

Want to join the conversation?

Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.