Achira News Logo
Achira News

राजस्थान के उदयपुर जिले में दोहरे हत्याकांड ने मचाई खलबली

India TV
राजस्थान के उदयपुर जिले में दोहरे हत्याकांड ने मचाई खलबली
Full News
Share:

राजस्थान के उदयपुर जिले में डबल मर्डर का मामला सामने आया है। यहां एक 75 साल की महिला और उसकी बेटी की हत्या कर दी गई। दोनों की हत्या उनके घर में घुसकर की गई। वहीं पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घटना के 10 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। मृतकों की पहचान लूंगा बाई (74) और उनकी बेटी अमरीबाई गाडरी के रूप में हुई है। दोनों के शव घर के अंदर खून से लथपथ हालत में पड़े मिले थे। घटना के बाद वल्लभनगर थाना प्रभारी पूनाराम गुर्जर ने बताया, ''दोनों की गर्दन पर किसी धारदार हथियार से किए गए गहरे वार के निशान मिले हैं।'' पुलिस के अनुसार, दोनों महिलाएं घर में अकेली रहती थीं। अमरीबाई के पति का करीब 7 वर्ष पहले निधन हो गया था। इसके बाद वह अपनी बुजुर्ग मां के साथ रहकर उनकी देखभाल करती थीं। परिवार खेती-बाड़ी कर अपना गुजारा करता था। परिजनों ने आरोप लगाया कि मृतक महिलाओं के शरीर से उनके द्वारा पहने गए सोने-चांदी के आभूषण, घर में रखी नकदी और अन्य कीमती सामान गायब हैं। उदयपुर की पुलिस अधीक्षक अमृता दुहन ने जानकारी देते हुए कहा, "कल वल्लभनगर पुलिस स्टेशन के इलाके में दो लोगों की हत्या हो गई। इसमें 75 साल की महिला लुंगा बाई और उनकी मानसिक रूप से कमजोर बेटी अमरीबाई गाडरी की जान चली गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर हमारी टीम 7 मिनट के अंदर मौके पर पहुंच गई। अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और तुरंत एक टीम बनाई गई।" उन्होंने बताया, "महिला अपनी बेटी के साथ पिछले तीन-चार साल से अकेली रह रही थी। मुख्य आरोपी जैमिन दवे का मृतकों के साथ पैसों का बड़ा लेन-देन था। उसे उम्मीद थी कि मृतक महिला ये सारे लेन-देन निपटा देगी, लेकिन उसने मना कर दिया। इसके बाद उसने हत्या की साजिश रची। वह घर गया, मृतकों को नींद की गोलियां दीं और फिर उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद वह भाग गया। पुलिस ने 10 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया, और मैं इसे पुलिस बल की एक बड़ी कामयाबी मानती हूं।"

Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: India TV

Want to join the conversation?

Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.