Achira News Logo
Achira News

राजस्थान में सर्दियों के मौसम ने नाटकीय मोड़ ले लिया है।

Live Hindustan
राजस्थान में सर्दियों के मौसम ने नाटकीय मोड़ ले लिया है।
Full News
Share:

राजस्थान… जहां दिन में सूरज तपाता है और रात में ठंड हड्डियों तक उतर आती है। फरवरी की आहट के बीच प्रदेश ने एक बार फिर सर्दी का असली रंग दिखा दिया है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर खत्म होते ही जैसे ही आसमान साफ हुआ, वैसे ही उत्तरी हवाओं ने पूरे प्रदेश में ठंड की धार तेज कर दी। हालात ये हैं कि कई जिलों में तापमान चार डिग्री तक लुढ़क गया, तो कहीं सुबह-सुबह कोहरे ने रफ्तार थाम दी। मंगलवार को जयपुर से लेकर शेखावाटी तक मौसम ने करवट ली। राजधानी जयपुर, सीकर, पिलानी, चूरू जैसे शहरों में सर्द हवा के असर से दिन का पारा भी 25 डिग्री के नीचे खिसक गया। शेखावाटी अंचल में तो रात की ठंड ने पुराने रिकॉर्ड की याद दिला दी यहां न्यूनतम तापमान सिंगल डिजिट में दर्ज हुआ। मतलब साफ है, रजाइयां अभी लौटने वाली नहीं हैं। पिछले 24 घंटों में उत्तर-पश्चिम राजस्थान के कई जिलों में आसमान ने हल्की बदली ओढ़ ली। जोधपुर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, फलोदी, नागौर, सीकर और बीकानेर में बादल छाए रहे। वहीं जयपुर, कोटा और भरतपुर संभाग में हल्की धुंध ने सुबह की शुरुआत सुस्त कर दी। धूप कमजोर रही और इसी का नतीजा रहा कि अधिकतम तापमान में साफ गिरावट दर्ज हुई। जयपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस तक सिमट गया। राजस्थान की सर्दी की खासियत यही है यह चुपचाप आती है और असर गहरा छोड़ जाती है। खेतों में खड़े सरसों के पीले फूलों पर ओस की बूंदें चमकने लगी हैं, तो शहरों में सुबह की चाय अब जरूरत बन चुकी है। अगर ठंड की बात हो और शेखावाटी का जिक्र न आए, ऐसा हो नहीं सकता। मंगलवार को सर्द हवा का सबसे ज्यादा असर सीकर, नागौर, फतेहपुर (सीकर) और पाली में देखने को मिला। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ। नागौर ने तो ठंड का ताज अपने नाम कर लिया, जहां न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह-शाम गलन बढ़ गई है। ग्रामीण इलाकों में लोग अलाव के सहारे दिन की शुरुआत कर रहे हैं, तो शहरों में गर्म कपड़ों की मांग फिर से बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने अगले तीन-चार दिन प्रदेश में सर्द हवा, हल्के बादल और कोहरे की संभावना जताई है। खासकर उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल सकता है। इसका असर सड़क और रेल यातायात पर भी पड़ सकता है। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के मुताबिक, “अगले दो-तीन दिन मौसम सामान्यतः साफ रह सकता है, लेकिन कुछ शहरों में हल्के बादल छाने और कोहरा बनने की संभावना है। इस दौरान तापमान में कोई बड़ा उतार-चढ़ाव नहीं होगा, लेकिन ठंड बनी रहेगी।” राजस्थान में मौसम सिर्फ आंकड़ा नहीं, एहसास है। यहां की ठंड रेत में भी सिहरन पैदा कर देती है। दिन में हल्की धूप और रात में कंपकंपाती हवा यही इस वक्त का मिजाज है। किसानों के लिए यह मौसम फसलों के लिहाज से राहत भरा है, लेकिन आमजन के लिए सुबह की शुरुआत थोड़ी मुश्किल। संकेत साफ हैं फरवरी भले ही दस्तक दे चुकी हो, लेकिन राजस्थान की सर्दी अभी पूरी तरह विदा लेने के मूड में नहीं है। कोहरे की चादर, सर्द हवा की सुई और कमजोर धूप… अगले कुछ दिन प्रदेश को इसी अंदाज में गुदगुदाते और ठिठुराते रहेंगे।

Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: Live Hindustan

Want to join the conversation?

Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.

राजस्थान में सर्दियों के मौसम ने नाटकीय मोड़ ले लिया है। | Achira News