रितेश देशमुख की फिल्म राजा शिवाजी, मराठी सिनेमा के लिए बड़ी गेम चेंजर साबित हो रही है. 100 करोड़ के बजट में बनी राजा शिवाजी मराठी इंडस्ट्री की सबसे महंगी फिल्म है. लेकिन जिस तरह ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर रही है, उससे लग रहा है कि ये मराठी की सबसे बड़ी फिल्म बनने के लिए भी तैयार है. मराठी और हिंदी में एक साथ रिलीज हुई राजा शिवाजी, हिंदी वर्जन से भी अच्छी कमाई कर रही है. इस फिल्म ने वीकेंड में तो धमाका किया ही था, लेकिन सोमवार को तो इंडियन बॉक्स ऑफिस पर सबसे बड़ी फिल्म साबित हुई. रितेश देशमुख की फिल्म शुक्रवार को मराठी सिनेमा के इतिहास में सबसे बड़ी ओपनिंग के साथ थिएटर्स में पहुंची थी. 12.10 करोड़ नेट इंडिया कलेक्शन के साथ राजा शिवाजी ने पहली बार अपनी इंडस्ट्री को डबल डिजिट में शुरुआत दिलाई. शनिवार-रविवार को इसे अच्छी ग्रोथ मिली और फिल्म ने पहला वीकेंड 37 करोड़ कमाई के साथ खत्म किया. सोमवार को राजा शिवाजी की बॉक्स ऑफिस पावर का असली टेस्ट होना था. क्योंकि हफ्ते का पहला वर्किंग डे, अच्छी-अच्छी फिल्मों की रफ्तार पर ब्रेक लगा देता है. लेकिन ट्रेड रिपोर्ट्स बता रही हैं कि सोमवार को भी रितेश की फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर खूब दम दिखाया है. मंडे को राजा शिवाजी ने 6 करोड़ रुपये से ज्यादा नेट इंडिया कलेक्शन किया है. इसमें करीब 4.5 करोड़ फिल्म के मराठी वर्जन से आए हैं और 1.5 करोड़ हिंदी डब वर्जन से. इंडियन थिएटर्स में इन दिनों कई बड़ी फिल्में चल रही हैं. जहां बॉलीवुड से अक्षय कुमार की भूत बंगला थिएटर्स में हैं. वहीं हॉलीवुड से आईं माइकल जैक्सन की बायोपिक, द डेविल वियर्स प्राडा 2 और द ममी जैसी फिल्में भी चल रही हैं. लेकिन मंडे को इनमें से ज्यादातर फिल्मों का कलेक्शन 1.5 करोड़ के आसपास ही रहा. साउथ में, मलयालम इंडस्ट्री के दो सबसे बड़े सुपरस्टार मामूटी और मोहनलाल करीब तीन दशक बाद फिल्म पैट्रियट में साथ आए हैं. इनके साथ फिल्म में फहाद फाजिल भी हैं. दूसरी तरफ धनुष की तमिल फिल्म कारा भी, राजा शिवाजी से एक ही दिन पहले थिएटर्स में पहुंची है. लेकिन इन फिल्मों का मंडे कलेक्शन भी 3 करोड़ तक नहीं पहुंच सका. इंडियन बॉक्स ऑफिस पर ये एक दुर्लभ मौका है जब मराठी फिल्म, बॉलीवुड-साउथ-हॉलीवुड फिल्मों के मुकाबले ज्यादा कमाई कर रही है. राजा शिवाजी ने मराठी सिनेमा को बॉक्स ऑफिस पर बड़ी मौजूदगी दर्ज करवाने का मौका दिया है. अब देखना है कि रितेश की ये फिल्म आने वाले दिनों में क्या-क्या कमाल करती है.
रितेश देशमुख की फिल्म ने मराठी सिनेमा के लिए बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड तोड़ेः राजा शिवाजी
Aaj Tak•

Full News
Share:
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: Aaj Tak
Want to join the conversation?
Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.