Achira News Logo
Achira News

हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिलीः शूटर गिरफ्तार और हथियार मिला

Dainik Jagran•
हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिलीः शूटर गिरफ्तार और हथियार मिला
Full News
Share:

भोजपुर जिले के चर्चित पूर्व कस्टम अधिकारी सह क्षत्रिय कल्याण संगठन के अध्यक्ष रामकुमार सिंह हत्याकांड में शुक्रवार की सुबह पुलिस को बड़ी सफलता मिली। आरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सारंगपुर मोड़ के समीप पुलिस मुठभेड़ में हत्याकांड में शामिल शूटर पवन यादव घायल हो गया। उसके दाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी है। पुलिस ने उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। मुठभेड़ की सूचना मिलने पर भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की छानबीन की। घायल शूटर की पहचान नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा हाउसिंग कालोनी निवासी निर्मल यादव के 22 वर्षीय पुत्र पवन यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में शामिल तीन शूटरों में वह भी शामिल था। इससे पहले शूटर पिंटू सिंह को गिरफ्तार किया गया था। इस कांड में अब तक छह गिरफ्तार हो चुकी है ‌ इधर, एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि रामकुमार सिंह हत्याकांड में गिरफ्तार शूटर पवन यादव ने पूछताछ के दौरान हत्या में इस्तेमाल हथियार छिपाने की जगह की जानकारी दी थी। इसके बाद पुलिस टीम उसे हथियार बरामदगी के लिए लेकर पहुंची थी। इसी दौरान मौका पाकर पवन यादव ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की ओर से चेतावनी दिए जाने के बावजूद उसने गोलीबारी जारी रखी। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी। एसपी ने बताया कि हत्याकांड में उसके अन्य साथियों के भी शामिल होने की जानकारी मिली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इधर,पुलिस ने बताया कि 15 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब छह बजे आरा के नवादा थाना क्षेत्र अंतर्गत कनकपुरी मोहल्ले में जैन कालेज के पूर्वी गेट के पास पूर्व कस्टम अधिकारी सह क्षत्रिय कल्याण संगठन के अध्यक्ष रामकुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद नवादा थाना में 12 नामजद समेत अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआइटी का गठन किया गया था, जिसका नेतृत्व एसडीपीओ सदर-वन कर रहे थे। एसआइटी में कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल थे। पुलिस मृतक के स्वजन की ओर से दिए गए आवेदन और उसमें लगाए गए आरोपों के साथ-साथ हत्या के संभावित कारणों के विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही थी। पुलिस ने बताया कि इससे पहले हत्याकांड में शामिल शूटर पिंटू कुमार को गिरफ्तार किया गया था। वह कांड के मुख्य आरोपित चंदन सिंह का दोस्त है। उसकी निशानदेही पर गिरफ्तारी की गई थी। पिंटू का आपराधिक इतिहास रहा है। वह बिहिया थाना के झौंवा गांव का निवासी है ‌ ।वह पूर्व से अलग-अलग दो हत्या, हत्या के प्रयास और शराब समेत करीब दस संगीन मामलों का आरोपित है। गिरफ्तार पिंटू ने सात लाख रुपए पर सौदा होने की बात बताई थी।

Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: Dainik Jagran

Want to join the conversation?

Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.