प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुरू किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर तक निकल रही मोटरसाइकिल यात्रा को लेकर हरियाणा भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने प्रदेश में यात्रा के लिए दो प्रमुख रूट तय किए हैं। महेंद्रगढ़, अटेली और रेवाड़ी से होते हुए यात्रा गुरुग्राम की ओर बढ़ेगी, जबकि दूसरे रूट में बावल, सोहना और पलवल को जोड़ा गया है। हरियाणा में यात्रा का राजनीतिक महत्व इस लिहाज से भी देखा जा रहा है कि भाजपा इसे महज मोटरसाइकिल रैली के बजाय सेवा गतिविधियों और विभिन्न सामाजिक वर्गों से सीधे संवाद के अभियान के रूप में पेश कर रही है। पार्टी की तैयारी है कि रास्ते में होने वाले स्वागत कार्यक्रमों में किसानों, युवाओं, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इन कार्यक्रमों में स्वच्छता, पौधरोपण, जल संरक्षण, नशामुक्ति और टीबी मुक्त भारत जैसे अभियानों की जानकारी भी साझा की जाएगी। यात्रा के हरियाणा चरण की तैयारियों की समीक्षा पार्टी के राष्ट्रीय सचिव जयप्रकाश ने की। हरियाणा में निर्धारित पहले रूट के तहत यात्रा महेंद्रगढ़ से अटेली होते हुए रेवाड़ी पहुंचेगी। रेवाड़ी में रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है। इसके बाद जत्था जमालपुर रिंग रोड के रास्ते आगे बढ़ते हुए गुरुग्राम पहुंचेगा। दूसरे रूट में बावल, सोहना और पलवल को शामिल किया गया है, जहां पलवल में पड़ाव और रात्रि विश्राम की विशेष व्यवस्था रहेगी। महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम और पलवल में भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है। इनमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता, कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों की सहभागिता प्रस्तावित है। इसका राष्ट्रीय समापन सात अक्टूबर को किया जाएगा। अभियान में भाजपा युवा मोर्चा की भूमिका भी अहम रखी गई है। युवा मोर्चा के नेता कर्ण प्रताप सिंह को यात्रा के राजस्थान चरण की जिम्मेदारी दी गई है।
हरियाणा भाजपा ने'सेवा संकल्प अभियान'के तहत मोटरसाइकिल यात्रा की तैयारी तेज की
Dainik Jagran•

Full News
Share:
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Achira News.
Publisher: Dainik Jagran
Want to join the conversation?
Download our mobile app to comment, share your thoughts, and interact with other readers.